प्रसिद्ध समाजसेविका डॉ. कल्पना गोयल को "मेवाड़ नारी गौरव सम्मान" से सम्मानित किया गया

( 1012 बार पढ़ी गयी)
Published on : 30 Jul, 26 05:07

प्रसिद्ध समाजसेविका डॉ. कल्पना गोयल को "मेवाड़ नारी गौरव सम्मान" से सम्मानित किया गया

उदयपुर। तारा संस्थान की संस्थापक एवं अध्यक्ष, प्रसिद्ध समाजसेविका डॉ. कल्पना गोयल को उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान एवं मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रेरणादायी कार्यों के लिए "मेवाड़ नारी गौरव सम्मान" से सम्मानित किया गया। यह सम्मान वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता, कंज्यूमर प्रोटेक्शन ऑर्गेनाइजेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मेवाड़ विकास मंच की अध्यक्ष डॉ. राजश्री गांधी द्वारा प्रदान किया गया।
डॉ. राजश्री गांधी ने कहा कि डॉ. कल्पना गोयल ने वर्ष 2009 में तारा संस्थान की स्थापना कर निर्धन, असहाय एवं निराश्रित वृद्धजनों के लिए निःस्वार्थ सेवा का जो अभियान प्रारंभ किया, वह आज समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुका है। तारा संस्थान द्वारा संचालित निःशुल्क आनंद वृद्धाश्रमों में वृद्धजनों को सम्मानपूर्वक आवास, भोजन, चिकित्सा एवं आत्मीय वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही संस्था शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, वरिष्ठ नागरिक सम्मान तथा निःशुल्क नेत्र चिकित्सा जैसे अनेक जनकल्याणकारी कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है।
सम्मान ग्रहण करते हुए डॉ. कल्पना गोयल ने कहा कि समाज सेवा ही उनके जीवन का उद्देश्य है और वे भविष्य में भी निराश्रित एवं जरूरतमंद लोगों के लिए समर्पित भाव से कार्य करती रहेंगी। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने उनके सेवा कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.