उदयपुर, शहीद लेफ्टिनेंट अभिनव नागोरी की जयंती पर गुरुवार को “रक्षाबंधन”, धानमंडी स्थित कांग्रेस मीडिया सेंटर पर श्रद्धांजलि एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा ने शहीद लेफ्टिनेंट अभिनव नागोरी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि शहीद लेफ्टिनेंट अभिनव नागोरी देश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देकर देश के प्रति अपने कर्तव्य और समर्पण की मिसाल कायम की। उनका शौर्य, साहस और राष्ट्रभक्ति सदैव देशवासियों को प्रेरणा देती रहेगी।
उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों के त्याग और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही है कि हम उनके आदर्शों और राष्ट्रसेवा की भावना को अपने जीवन में आत्मसात करें तथा युवा पीढ़ी को उनके जीवन और शौर्य से परिचित कराएं।
कार्यक्रम में पारसमल नागोरी, अशोक तंबोली, शहीद हुसैन, नरेश साहू, विजय साहू, मुकेश जाट, भरत मीणा, लता मीणा, संयम नागौरी, रोहित पांडे, योकल कांतिवाल, राजेंद्र पल्लू जैन, ऋतिक सोलंकी, नीतिन सुहालका सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सभी उपस्थितजनों ने शहीद लेफ्टिनेंट अभिनव नागोरी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके बलिदान को नमन किया।