जैसलमेर । राज्य सरकार की जनकल्याणकारी सोच और जिला प्रशासन के प्रभावी प्रयासों से आयोजित ग्रामीण सेवा फॉलोअप शिविर ग्रामीणों के जीवन में खुशियों की नई इबारत लिख रहे हैं। ग्राम पंचायत चेलक में आयोजित शिविर में वर्षों से आवासीय पट्टे की प्रतीक्षा कर रहे निवासी अनवर खान का सपना उस समय साकार हो गया, जब उन्हें शिविर स्थल पर ही उनके पुस्तैनी आवासीय भूखंड का पट्टा सौंपा गया।
पट्टा प्राप्त करते ही अनवर खान के चेहरे पर खुशी साफ झलकने लगी। उन्होंने कहा कि वर्षों से जिस अधिकार की प्रतीक्षा थी, वह आज ग्रामीण सेवा फॉलोअप शिविर की बदौलत मिल गया। अब उनके पुस्तैनी मकान को कानूनी पहचान मिल गई है और भविष्य में मकान के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए बैंक से ऋण प्राप्त करना भी आसान होगा।
भावुक होकर अनवर खान ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीणों के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं। इन शिविरों ने वर्षों से लंबित समस्याओं का मौके पर समाधान कर लोगों के जीवन में नई उम्मीद जगाई है।
अनवर खान के परिवार में भी पट्टा मिलने की खुशी का माहौल है। वर्षों से चली आ रही चिंता अब समाप्त हो चुकी है और पूरे परिवार को अपने घर के सुरक्षित भविष्य का भरोसा मिला है। अतः यह इस बात का प्रमाण है कि ग्रामीण सेवा फॉलोअप शिविर केवल प्रशासनिक पहल नहीं, बल्कि आमजन के सपनों को साकार करने का सशक्त माध्यम बन रहे हैं।