बस में निकले निगम आयुक्त, अतिक्रमण और गंदगी पर चला सख्ती का अभियान

( 486 बार पढ़ी गयी)
Published on : 31 Jul, 26 16:07

के डी अब्बासी 

बस में निकले निगम आयुक्त, अतिक्रमण और गंदगी पर चला सख्ती का अभियान

कोटा। नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने शुक्रवार को शहर की व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए एक नई पहल करते हुए सभी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिनी बस में विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अतिक्रमण, गंदगी, आवारा मवेशियों, सड़क निर्माण, नालों की सफाई और यातायात व्यवस्था सहित कई मुद्दों पर मौके पर ही अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
निगम कार्यालय से दोपहर करीब 3 बजे रवाना हुई टीम ने सबसे पहले दशहरा मैदान फेज-2 का निरीक्षण किया। यहां आयुक्त ने मैदान के समतलीकरण कार्य में तेजी लाने तथा मैदान में बनी झोपड़ियों को शीघ्र हटाने के निर्देश दिए।
इसके बाद साजीदेहड़ा नाले के पास कैथूनीपोल लिंक रोड निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए रिटेनिंग वॉल और सड़क चौड़ीकरण कार्य में तेजी लाने को कहा। उन्होंने मौके पर श्रमिकों की संख्या कम होने पर नाराजगी जताई और ठेकेदार को अतिरिक्त स्टाफ लगाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर सड़क पर घूमती गायों को देखकर आयुक्त ने गौशाला प्रभारी को सभी स्थान चिन्हित कर तत्काल पकड़ने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मल्टीपरपज स्कूल लिंक रोड पर ट्रैक्टर स्वीपिंग मशीन का प्रदर्शन भी देखा गया, जिसे शहर के अन्य क्षेत्रों में भी परीक्षण के लिए चलाने के निर्देश दिए गए।
मल्टीपरपज स्कूल, चौपाटी और गुमानपुरा क्षेत्र में फुटपाथ और सड़क पर कब्जा करने वाले ठेले संचालकों तथा स्थायी दुकानदारों को पहले चेतावनी देने और नहीं मानने पर सामान जब्त करने के निर्देश दिए गए।

माधवराव सिंधिया पार्क में किया पौधारोपण
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने छावनी चौराहा स्थित माधवराव सिंधिया पार्क में पौधारोपण किया।

नालों के ढकान में चैंबर बनाने के निर्देश
कोटा हार्ट अस्पताल के सामने केडीए द्वारा किए जा रहे नाले के ढकान कार्य का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए कि ढकान में आवश्यक चैंबर बनाए जाएं, ताकि भविष्य में नालों की सफाई में कोई परेशानी न आए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त भावना सिंह, मालविका त्यागी, महावीर सिंह सिसौदिया, अतिरिक्त मुख्य अभियंता जेपी शर्मा तथा अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी जितेंद्र बग्गा सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.