सक्सेना मातिमान कायस्थ सभा का प्रथम स्थापना दिवस एवं गुरु पूर्णिमा समारोह संपन्न

( 485 बार पढ़ी गयी)
Published on : 02 Aug, 26 14:08

सक्सेना मातिमान कायस्थ सभा का प्रथम स्थापना दिवस एवं गुरु पूर्णिमा समारोह संपन्न

उदयपुर,  सक्सेना मातिमान कायस्थ सभा, उदयपुर द्वारा गुरु पूर्णिमा, प्रथम स्थापना दिवस एवं सामूहिक मिलन समारोह का आयोजन रविवार को श्री गोविंद पब्लिक स्कूल परिसर, गुड़ली में उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। समारोह में समाज के लगभग 50 परिवारों के 125 से अधिक सदस्य शामिल हुए। कार्यक्रम ने संगठन, संस्कार, सेवा और पारिवारिक एकता का संदेश दिया।


कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री चित्रगुप्त एवं मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन, पुष्पार्चन एवं माल्यार्पण से हुआ। इसके बाद समाजबंधुओं ने सामूहिक रूप से गायत्री मंत्र का जप किया तथा "ॐ श्री चित्रगुप्ताय नमः" मंत्रोच्चार के साथ ध्यान सत्र आयोजित किया गया, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक भाव से सराबोर हो गया।

समारोह की अध्यक्षता सभा अध्यक्ष चित्रांश तरुण सक्सेना ने की। उन्होंने बताया कि गुरु पूर्णिमा का दिन संस्था के लिए विशेष महत्व रखता है क्योंकि इसी दिन संस्था को पंजीयन प्रमाण-पत्र प्राप्त हुआ था। उन्होंने पिछले एक वर्ष में शिक्षा सहयोग अभियान, सरकारी विद्यालयों में स्टेशनरी एवं स्वेटर वितरण, महिला एवं युवा प्रकोष्ठ का गठन, प्रतिभा सम्मान तथा विभिन्न सामाजिक सेवा गतिविधियों की जानकारी देते हुए समाज को संगठित एवं आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प दोहराया।

सभा के संरक्षक चित्रांश अनिल सक्सेना, चित्रांश रविन्द्र प्रकाश सक्सेना एवं चित्रांश योगेश सक्सेना ने अपने विचार व्यक्त करते हुए समाज की एकता, सेवा भावना और नई पीढ़ी में संस्कारों के महत्व पर बल दिया तथा संस्था के कार्यों की सराहना की।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. ममता सक्सेना ने किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में कु. हर्षाली सक्सेना एवं कु. हविशा सक्सेना के नृत्य ने सभी का मन मोह लिया।

समारोह में शिक्षा सहयोग अभियान में आर्थिक योगदान देने वाले समाजसेवियों का सम्मान किया गया। साथ ही 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों टीमोन सक्सेना, आर्यवृत सक्सेना एवं मेदिनी सक्सेना सहित अन्य प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। समाज के वरिष्ठजनों का भी अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान महिला एवं युवा प्रकोष्ठ की भूमिका, संगठन विस्तार तथा आगामी सामाजिक एवं शैक्षिक योजनाओं को लेकर समाज संवाद आयोजित किया गया, जिसमें सदस्यों ने अनेक रचनात्मक सुझाव प्रस्तुत किए।

आयोजन की सफलता में डॉ. वैभव सक्सेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कार्यक्रम के लिए श्री गोविंद पब्लिक स्कूल परिसर उपलब्ध कराने के साथ समस्त व्यवस्थाओं का समन्वय किया। सभा परिवार ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया। विभिन्न समितियों के सदस्यों ने भी अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।

समारोह के अंत में डॉ. वैभव सक्सेना ने सभी अतिथियों, समाजबंधुओं, दानदाताओं, महिला एवं युवा प्रकोष्ठ, विभिन्न समितियों तथा सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान, समूह छायाचित्र एवं सहभोज के साथ हुआ।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.