मेवाड़–हाड़ौती पर्यटन सर्किट को बढ़ावा देने के लिए फेम टूर का शुभारंभ।

( 328 बार पढ़ी गयी)
Published on : 04 Aug, 26 08:08

मेवाड़–हाड़ौती पर्यटन सर्किट को बढ़ावा देने के लिए फेम टूर का शुभारंभ।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान उदयपुर डिवीजन, होटल संस्थान दक्षिणी राजस्थान, इंडिया आउटा ऑफ बॉक्स एवं कलर्स ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में 2 से 8 अगस्त 2026 तक आयोजित सात दिवसीय फेम टूर का शुभारंभ उदयपुर से हो गया, जो 8 अगस्त को कोटा में संपन्न होगा। इस आयोजन में यूनाइटेड होटलियर्स एवं यूसीसीआई ऐली पार्टनर हैं। फेम टूर में देश के 10 राज्यों एवं एक केंद्र शासित प्रदेश से 40 से अधिक ट्रैवल एजेंट भाग ले रहे हैं।

फेम टूर के उदयपुर आगमन पर ट्रैवल एजेंटों का होटल फेडरेशन एवं होटल संस्थान दक्षिणी राजस्थान की ओर से पारंपरिक स्वागत किया गया। ओल्ड सिटी वेलफेयर कमेटी द्वारा भी सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया।

इसके बाद ट्रैवल एजेंटों ने सिटी पैलेस, जगमंदिर, पिछोला झील में बोट राइड, जगदीश मंदिर, गणगौर घाट तथा धरोहर लोक सांस्कृतिक शो का अवलोकन किया। मेवाड़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों एवं प्राकृतिक सौंदर्य की सभी ने सराहना की। साथ ही उन्होंने शिव निवास, रामी रॉयल, अरणिया विलास, उदयगढ़ एवं रमाडा सहित उदयपुर के प्रमुख आतिथ्य संस्थानों का भी अवलोकन किया।

इससे पूर्व होटल उदयगढ़ की ओर से रात्रिभोज में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसने सभी ट्रैवल एजेंटों को मेवाड़ की समृद्ध संस्कृति एवं पारंपरिक आतिथ्य से मंत्रमुग्ध कर दिया।

स्वागत उद्बोधन में राकेश चौधरी ने कहा कि मेवाड़ एवं हाड़ौती को जोड़ने वाला यह नया पर्यटन सर्किट क्षेत्रीय पर्यटन को नई पहचान देगा। इससे पर्यटकों का ठहराव बढ़ेगा, स्थानीय होटल एवं पर्यटन उद्योग को लाभ मिलेगा तथा दक्षिणी एवं पूर्वी राजस्थान के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान प्राप्त होगी।

इस अवसर पर फेडरेशन के अध्यक्ष राकेश चौधरी, सचिव अंबालाल साहू, कोषाध्यक्ष आकाश धन्नावत, होटल संस्थान के उपाध्यक्ष के.पी. अग्रवाल, योगेश्वर सिंह, वीरेन्द्र सिंह तथा ओल्ड सिटी के अक्षय सिंह राव, कैलाश सोनी, भरत सोनी, प्रमोद सैन, राजेन्द्र गोयल, विनोद कोठारी, प्रदीप सैन एवं हेमंत शर्मा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.