केडी हॉस्पिटल, बीसीआई और फिनब्रेला की ओर से हेल्थ अवेयरनेस प्रोग्राम 8 अगस्त को

( 331 बार पढ़ी गयी)
Published on : 04 Aug, 26 08:08

केडी हॉस्पिटल, बीसीआई और फिनब्रेला की ओर से हेल्थ अवेयरनेस प्रोग्राम 8 अगस्त को

कैंसर से लेकर मिर्गी तक, गंभीर बीमारियों पर करेंगे विशेषज्ञ जागरूक उदयपुर।

शहरवासियों को गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से केडी हॉस्पिटल, बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) एवं फिनब्रेला के संयुक्त तत्वावधान में "हेल्थ अवेयरनेस प्रोग्राम" का आयोजन 8 अगस्त 2026 (शनिवार) शाम 5:00 बजे से 7:00 बजे तक होटल रघु महल, उदयपुर में किया जाएगा।

कार्यक्रम में देश के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ चिकित्सक कैंसर एवं मस्तिष्क संबंधी गंभीर बीमारियों पर आमजन को जागरूक करेंगे तथा उनके बचाव, समय पर जांच और आधुनिक उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे।

बीसीआई के फाउंडर एवं चेयरमैन मुकेश माधवानी ने बताया कि आज के समय में स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से बीसीआई लगातार समाजोपयोगी कार्यक्रम आयोजित करता रहा है।

उन्होंने कहा कि इस हेल्थ अवेयरनेस प्रोग्राम के माध्यम से लोगों को कैंसर और न्यूरोलॉजिकल बीमारियों से जुड़ी सही एवं वैज्ञानिक जानकारी मिलेगी।

उन्होंने बीसीआई के सभी सदस्यों एवं शहरवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इसका लाभ उठाने की अपील की।

बीसीआई एजुकेशन की सचिव पूनम राठौड़ ने बताया कि स्वास्थ्य जागरूकता शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों को विशेषज्ञ डॉक्टरों से सीधे संवाद करने का अवसर मिलेगा, जिससे वे अपनी जिज्ञासाओं का समाधान कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं युवाओं को विशेष रूप से इस कार्यक्रम में शामिल होना चाहिए ताकि वे समय रहते गंभीर बीमारियों की पहचान और रोकथाम के प्रति जागरूक हो सकें।

फिनब्रेला के फाउंडर एवं बीसीआई अल्फा के चीफ एडवाइजर देवेंद्र सिंह करीर ने बताया कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए फिनब्रेला इस महत्वपूर्ण पहल से जुड़ा है। उनका मानना है कि समय पर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और नियमित जांच से कई गंभीर बीमारियों को प्रारंभिक अवस्था में ही नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक सेमिनार नहीं बल्कि स्वस्थ समाज की दिशा में एक सार्थक पहल है।

कार्यक्रम संयोजक व बीसीआई अल्फा मेम्बर शरद चंद्र प्रकाश ने बताया कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे आयोजनों का हिस्सा बनना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है और समाज के हर वर्ग तक सही स्वास्थ्य जानकारी पहुंचाने के लिए ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित होने चाहिए।

केडी हॉस्पिटल के डिप्टी मैनेजर जिज्ञासु भंडारी ने बताया कि कार्यक्रम में केडी हॉस्पिटल के वरिष्ठ सुपर स्पेशियलिटी डॉक्टर विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे। प्रतिभागियों को नवीनतम चिकित्सा तकनीकों, आधुनिक रोबोटिक सर्जरी तथा समय पर जांच एवं उपचार के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। उन्होंने सभी नागरिकों से इस निःशुल्क जागरूकता कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।

कार्यक्रम में डॉ. कुश शाह, कंसल्टेंट सर्जिकल ऑन्कोलॉजी एवं रोबोटिक सर्जरी, "ब्रेस्ट कैंसर अवेयरनेस" विषय पर जानकारी देंगे।

वहीं डॉ. निश्ठा त्रिपाठी, कंसल्टेंट गायनेक-ऑन्कोलॉजी एवं रोबोटिक सर्जरी, "सर्वाइकल कैंसर अवेयरनेस" विषय पर महिलाओं को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करेंगी।

इसके अलावा डॉ. रुशभ शाह, कंसल्टेंट फंक्शनल न्यूरोसर्जरी, "एपिलेप्सी (मिर्गी): मिथक, तथ्य एवं उपचार" विषय पर विस्तृत व्याख्यान देंगे, जिसमें मिर्गी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के साथ आधुनिक उपचार पद्धतियों की जानकारी भी दी जाएगी।

कार्यक्रम में बीसीआई के सदस्य, उद्योगपति, व्यवसायी, महिला उद्यमी, युवा एवं शहर के नागरिक बड़ी संख्या में भाग लेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक कर समय पर जांच, सही उपचार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। प्रवेश निःशुल्क रहेगा।


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.