एम.पी.यू.ए.टी. की एनसीसी कैडेट्स ने राष्ट्रीय पर्वतारोहण शिविर में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

( 348 बार पढ़ी गयी)
Published on : 06 Aug, 26 06:08

110 किलोमीटर ट्रेकिंग और 10,000 फीट की चढ़ाई पूरी कर बढ़ाया विश्वविद्यालय का गौरव

एम.पी.यू.ए.टी. की एनसीसी कैडेट्स ने राष्ट्रीय पर्वतारोहण शिविर में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन


उदयपुर,  महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एम.पी.यू.ए.टी.), उदयपुर की 6 राज एयर स्क्वाड्रन एनसीसी यूनिट की दो कैडेट्स ने हिमाचल प्रदेश के मनाली में आयोजित राष्ट्रीय माउंटेन एडवेंचर कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।

राजस्थान कृषि महाविद्यालय की खुशी नागदा (बी.एससी. कृषि तृतीय वर्ष) और वैशाली मीणा (बी.एससी. कृषि चतुर्थ वर्ष) ने अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान, मनाली द्वारा 27 जुलाई से 8 अगस्त, 2026 तक आयोजित माउंटेन एडवेंचर कैंप में भाग लिया।

शिविर के दौरान दोनों कैडेट्स ने रॉक क्लाइम्बिंग, रैपलिंग, रिवर क्रॉसिंग, ट्रेकिंग, कैंपिंग, माउंटेन रेस्क्यू, सामाजिक जागरूकता और नेतृत्व विकास सहित विभिन्न साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण प्राप्त किया। उन्होंने 110 किलोमीटर की ट्रेकिंग सफलतापूर्वक पूरी की तथा 10,000 फीट की ऊंचाई तक पहुंचकर साहस, अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन किया।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे संस्थान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण के माध्यम से व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा के अवसर प्रदान कर रही है।

इस उपलब्धि पर कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह, राजस्थान कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. लोकेश गुप्ता तथा छात्र कल्याण अधिकारी डॉ. विक्रमादित्य दवे ने दोनों कैडेट्स को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के ऐसे प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, साहस और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत बनाते हैं।

एनसीसी केयर टेकर ऑफिसर राम नारायण कुम्हार ने कहा कि विश्वविद्यालय की 6 राज एयर स्क्वाड्रन एनसीसी यूनिट लगातार राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय शिविरों में उल्लेखनीय प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी अधिक से अधिक विद्यार्थियों को ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.