पंचायती राज एवं नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट

( 175 बार पढ़ी गयी)
Published on : 06 Aug, 26 17:08

जिला निर्वाचन अधिकारी ने विभिन्न प्रकोष्ठों की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश निर्वाचन प्रक्रिया का प्रत्येक चरण हो पारदर्शी, समयबद्ध एवं त्रुटिरहित -जिला निर्वाचन अधिकारी

पंचायती राज एवं नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट

जैसलमेर, 6 अगस्त। जिले में प्रस्तावित पंचायती राज संस्थाओं एवं नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना प्रारंभ कर दिया है।

इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल की अध्यक्षता में जिला कलक्टर सभागार में निर्वाचन संबंधी विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी एवं सहप्रभारी अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।

बैठक में निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी प्रकोष्ठों की कार्य प्रगति, जिम्मेदारियों, संसाधनों की उपलब्धता, विभागीय समन्वय तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक प्रकोष्ठ की भूमिका का सूक्ष्म परीक्षण करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं उत्तरदायित्वपूर्ण ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी जोरवाल ने कहा कि लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण पर्व को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने निर्देश दिए कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में पारदर्शिता, निष्पक्षता, संवेदनशीलता तथा दक्षता सुनिश्चित की जाए और सभी प्रकोष्ठ आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

उन्होंने मतदान दलों के गठन, कार्मिक प्रबंधन, प्रशिक्षण, निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता एवं वितरण, परिवहन व्यवस्था, संचार व्यवस्था, कानून एवं शांति व्यवस्था, मतगणना सहित सभी व्यवस्थाओं की अग्रिम तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साथ ही कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी एवं प्रत्येक अधिकारी अपने कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए समय पर आवश्यक तैयारियां पूर्ण करें।

बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारु संचालन के लिए विभिन्न विभागों के मध्य प्रभावी समन्वय स्थापित करने, संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना करने पर विशेष बल दिया गया।

अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी व्यवस्थाएं पूर्व निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर ली जाएं, जिससे चुनाव प्रक्रिया का प्रत्येक चरण व्यवस्थित, निर्बाध एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप जिले में पंचायती राज संस्थाओं एवं नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर परसाराम सैनी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी, यूआईटी सचिव सुखराम पिंडेल, उपखंड अधिकारी पोकरण हीरसिंह चारण, अन्य उपखंड अधिकारी सहित सभी जिला स्तरीय एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.