शनिवार से आयोजित होगा दो दिवसीय शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य समारोह मल्हार

( 484 बार पढ़ी गयी)
Published on : 07 Aug, 26 18:08

उदयपुर। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र द्वारा 8 एवं 9 अगस्त को शिल्पग्राम स्थित दर्पण सभागार में

शनिवार से आयोजित होगा दो दिवसीय शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य समारोह मल्हार

उदयपुर। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र द्वारा 8 एवं 9 अगस्त को शिल्पग्राम स्थित दर्पण सभागार में दो दिवसीय शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य समारोह "मल्हार" का आयोजन किया जाएगा। प्रतिदिन सायं 7 बजे आरंभ होने वाले इस समारोह में देश के प्रतिष्ठित कलाकार हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायन, तबला वादन, सितार वादन तथा मोहिनीअट्टम की उत्कृष्ट प्रस्तुतियां देंगे।

पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर के निदेशक डॉ. अश्विन एम. दलवी ने बताया कि समारोह में भारतीय शास्त्रीय संगीत और नृत्य की विविध विधाओं के ख्यातिप्राप्त कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे, जिससे संगीत एवं नृत्य प्रेमियों को उत्कृष्ट प्रस्तुतियों का रसास्वादन करने का अवसर मिलेगा।

समारोह के प्रथम दिवस 8 अगस्त को प्रख्यात हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायिका गौरी पाठारे का शास्त्रीय गायन होगा। रागदारी, भावपूर्ण अभिव्यक्ति और सुरों की मधुरता से सजी उनकी प्रस्तुति संगीत प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण रहेगी। इसके उपरांत सुप्रसिद्ध तबला वादिका हेतल मेहता का एकल तबला वादन होगा। अपनी सशक्त लयकारी, नाद-सौंदर्य और ताल की विविध छटाओं से वे तबला वादन की समृद्ध परंपरा को साकार करेंगी।

समारोह के दूसरे दिन 9 अगस्त को सुप्रसिद्ध सितार वादक विनायक चित्तर का सितार वादन होगा। रागों की मधुर अभिव्यक्ति, कल्पनाशील आलाप, आकर्षक जोड़-झाला और प्रभावशाली गतकारी से सजी उनकी प्रस्तुति श्रोताओं को भारतीय शास्त्रीय संगीत की सुरमयी दुनिया से रूबरू कराएगी।

इसके उपरांत अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त मोहिनीअट्टम नृत्यांगना पल्लवी कृष्णन की मोहिनीअट्टम प्रस्तुति होगी। भाव, लय, सौंदर्य और लास्य से परिपूर्ण उनकी प्रस्तुति भारतीय शास्त्रीय नृत्य की गरिमा एवं सांस्कृतिक समृद्धि का अनुपम दर्शन कराएगी।

समारोह में दोनों दिन प्रवेश निःशुल्क रहेगा I


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.