जैसलमेर । स्वतंत्रता दिवस की 80 वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में संस्कृति मंत्रालय के निर्देशानुसार 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इस अभियान के दौरान 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस भी मनाया जाएगा।
जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने हर घर तिरंगा अभियान का जिले में सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक आयोजन एवं पर्यवेक्षण के संबंध में एक आदेश जारी कर अतिरिक्त मुख्यकारी अधिकारी पंचायतीराज जिला परिषद जैसलमेर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। इसके साथ ही आयोजन के संबंध में विभिन्न अधिकारियों को अलग-अलग दायित्व भी सौंपे है।
जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने बताया कि जिला मुख्यालय से ग्राम पंचायत स्तर तक आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में जन प्रतिनिधियों,विद्यार्थियों, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, संस्थाओं, सामाजिक संगठनों एवं आमजन की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए है। इस अभियान के दौरान तिरंगा रैली, साइकिल एवं बाइक रैली, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम, वंदे मातरम् एवं सामूहिक गायन, तिरंगा सजावट तथा राष्ट्रभक्ति आधारित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 9 अगस्त को प्रातः 8 बजे से तिरंगा ध्वज हाथ में लेकर ग्राम एवं वार्ड स्तर पर तिरंगा अभियान के प्रति जन जागरूकता गतिविधि के तहत तिरंगा प्रभात फेरी का आयोजन होगा। इसके साथ ही 10 अगस्त को दोपहर 1 बजे से हम एक साथ है की थीम पर तिरंगा रैली का आयोजन किया जाएगा। इसमें स्थानीय लोगों, विद्यार्थियों के साथ जिले के अन्तर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लोक कलाकारों/संगीतकारों को भी आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए है।
जिला कलक्टर ने बताया कि 11 एवं 12 अगस्त को प्रातः 9 से सांय 6 बजे तक शहरी निकायों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर तिरंगा प्रदर्शनी एवं मेले का आयोजन होगा। इसके माध्यम से तिरंगा का महत्व समझाया जाएगा। शहरी निकाय एवं ग्राम पंचायत संस्थाओं के कार्यालयों एवं भवनों, स्मारकों को तिरंगा रंग की एलईडी लाइटिंग करने के निर्देश दिए गए है। उन्होंने बताया कि 13 अगस्त को प्रातः 8 बजे तिरंगा कैनवास लगाने एवं 17 अगस्त को सांय 8 बजे हटाने के लिए निर्देशित किया गया है। यह तिरंगा कैनवास मुख्य बाजार, शहरी निकाय, ग्राम पंचायत, आंगनबाड़ी, अटल सेवा केंद्र, बस स्टैंड पर लगाया जाना है। इसी तरह 15 अगस्त को ध्वजारोहण करने के साथ एवं देश की एकता एवं अखंडता के लिए तिरंगा शपथ दिलाई जाएगी। उनके मुताबिक 14 अगस्त को सांय 7 बजे प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, शहीदों के परिजनों ,गौरव सेनानियों एवं गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए है।
जिला कलक्टर ने बताया कि सभी राजकीय एवं निजी कार्यालयों एवं भवनों पर 13 से 15 अगस्त तक राष्ट्रीय ध्वज फहराने के निर्देश दिए गए है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम आयोजित करने एवं गतिविधियों की सूचना संबंधित पोर्टल www.harghartiranga.com पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं।
आमजन से सहभागिता की अपील
जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने जैसलमेर जिलेवासियों से आह््वान किया है कि वे हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं, अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराएं एवं सेल्फी विद तिरंगा अभियान से जुड़कर राष्ट्रभक्ति के इस महापर्व को परस्पर मिलजुल कर जन भागीदारी का उत्सव मनाएं।