जयपुर में हर घर तिरंगा रैली शुरू, नड्डा और भजनलाल शर्मा हुए शामिल

( 490 बार पढ़ी गयी)
Published on : 09 Aug, 26 14:08

जयपुर में हर घर तिरंगा रैली शुरू, नड्डा और भजनलाल शर्मा हुए शामिल


जयपुर, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को जयपुर में अल्बर्ट हॉल से बड़ी चौपड़ तक राज्य स्तरीय तिरंगा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रिमझिम बारिश के बीच निकली रैली में दोनों नेता हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। शहरवासियों ने मार्ग में कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया।

रैली को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान तथा करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हर भारतीय के दिल में तिरंगे के प्रति सम्मान होना चाहिए और उसके गौरव की रक्षा करना हम सबका दायित्व है।

नड्डा ने राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान को मजबूत करने के लिए प्रिवेंशन ऑफ इंसल्ट्स टू नेशनल ऑनर्स अमेंडमेंट एक्ट, 2026 को महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, राष्ट्रीय ध्वज और संविधान भारत की पहचान हैं और इनके अपमान को स्वीकार नहीं किया जा सकता।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि तिरंगा हमारे स्वाभिमान, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुई तिरंगा यात्रा नई पीढ़ी में राष्ट्रभावना को मजबूत करने का माध्यम बन रही है।

उन्होंने कहा कि हर घर लहराता तिरंगा देश के प्रति प्रेम और समर्पण की अभिव्यक्ति है, लेकिन उसका सम्मान केवल घरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि दिलों में भी होना चाहिए। राष्ट्रीय चेतना के आदर्शों को जीवन में उतारना ही इस अभियान की वास्तविक सार्थकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष देश 15 अगस्त को स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ मनाएगा। यह अवसर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के त्याग को स्मरण करने का है। उन्होंने कहा कि तिरंगा संविधान के आदर्शों, एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है।

उन्होंने यह भी कहा कि पहली बार 15 अगस्त को फहराया गया तिरंगा राजस्थान में बना था, इसलिए तिरंगे का राजस्थान से विशेष संबंध है। अपने विद्यार्थी जीवन को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय छात्र तिरंगा लेकर ‘विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊंचा रहे हमारा’ का उद्घोष करते हुए गलियों से गुजरते थे।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री नड्डा और मुख्यमंत्री शर्मा ने अमर जवान ज्योति पहुंचकर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी और डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद मदन राठौड़, डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.