तपस्वी केशुलालजी म.सा. की 113वीं जयंती पर गुणानुवाद सभा आयोजित

( 635 बार पढ़ी गयी)
Published on : 09 Aug, 26 14:08

तपस्वी केशुलालजी म.सा. की 113वीं जयंती पर गुणानुवाद सभा आयोजित


उदयपुर, । घोर तपस्वी केशुलालजी म.सा. की 113वीं जन्म जयंती पर भूपालपुरा स्थित केशवधाम महावीर भवन में गुणानुवाद सभा एवं श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संत-साध्वी समुदाय के सानिध्य में तप, त्याग, समता और जिन शासन की प्रभावना पर विशेष विचार व्यक्त किए गए।

केशवधाम सेवा संस्थान के अध्यक्ष महेश बम्ब ने बताया कि समारोह में श्रमण संघ प्रवर्तक डॉ. राजेंद्र मुनि म.सा., चैतन्य मुनि म.सा., केवल्य मुनि म.सा., साध्वी वसुधाजी म.सा., विजेताजी म.सा., शीतलजी म.सा. और श्रुतिजी म.सा. का सानिध्य एवं आशीर्वचन प्राप्त हुआ।

साध्वी श्रुतिजी म.सा. ने कहा कि पूज्य केशुलालजी म.सा. ने समता और तप की ऐसी अमिट छाप समाज पर छोड़ी कि आज भी वे “तप सम्राट” के रूप में स्मरण किए जाते हैं। उनकी प्रेरणा से तप, दान और जीव दया से जुड़े अनेक प्रकल्प निरंतर संचालित हो रहे हैं।

साध्वी वसुधाजी म.सा. ने कहा कि केशुलालजी म.सा. के तप और त्याग की ऊर्जा से केशवधाम की भूमि आज तीर्थधाम के रूप में प्रतिष्ठित हो चुकी है।

सभा को संबोधित करते हुए केवल्य मुनि म.सा. ने कहा कि पूज्य केशुलालजी म.सा. का व्यक्तित्व इतना विराट था कि उसे कुछ घंटों में समझाना संभव नहीं। उन्होंने कहा कि व्यक्ति या तो ऐसा साहित्य छोड़कर जाए जिसे लोग पढ़ें, या ऐसा जीवन जिए कि आने वाली पीढ़ियां उस पर लिखें।

मीडिया प्रभारी संपत बापना ने बताया कि डॉ. राजेंद्र मुनि म.सा. ने अपने प्रवचन में कहा कि भारतीय परंपरा में गुरु को भी तीर्थ माना गया है। उन्होंने बताया कि पूज्य केशुलालजी म.सा. ने लगभग 58 वर्षों तक कठोर तपस्या की और 17 बार मासखमण सहित अनेक तप किए, जिनका कुल तपकाल लगभग 40 वर्षों के बराबर माना जाता है।

समारोह की अध्यक्षता डॉ. बी.एस. बम्ब ने की। विशिष्ट अतिथियों में आर.के. जैन, ज्योतिषाचार्य कांतिलाल जैन, डॉ. रेवंत सिंघवी और अशोक सिंघवी शामिल रहे। कार्यक्रम में विभिन्न सहयोगियों और लाभार्थियों का उपरना ओढ़ाकर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का संचालन हिम्मत रांका ने किया, जबकि भक्ति भजनों की प्रस्तुति जितेंद्र गंधर्व एवं उनकी टीम ने दी।

संस्थान के निदेशक विवेक छाजेड़ ने बताया कि जन्म जयंती के अवसर पर आशाधाम में लगभग 300 निवासियों को केशव भक्तों द्वारा आदरपूर्वक गौतम प्रसाद वितरित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में गुरु भक्तों और समाजजनों ने सेवा एवं सहयोग प्रदान किया।


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.