भक्ति, श्रद्धा और उल्लास के साथ शुरू हुई पांच दिवसीय श्री खाटू श्याम कथा

( 1137 बार पढ़ी गयी)
Published on : 09 Aug, 26 15:08

हारे के सहारे, तीन बाण धारी, कलियुग के अवतारी’ श्री खाटू श्याम बाबा की कथा से टेकरी स्थित श्री राजराजेश्वर महादेव मंदिर परिसर हुआ भक्तिमय

भक्ति, श्रद्धा और उल्लास के साथ शुरू हुई पांच दिवसीय श्री खाटू श्याम कथा

उदयपुर। कृष्णा सेवा संस्थान के तत्वावधान में टेकरी स्थित श्री राजराजेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में रविवार से पांच दिवसीय श्री खाटू श्याम कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। हरिद्वार स्थित मोहन गोकुलधाम पीठ के पीठाधीश पूज्य संत शिरोमणि श्री कृष्णा संजय जी महाराज के श्रीमुख से शुरू हुई कथा ने पूरे मंदिर परिसर को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।

कथा प्रारंभ होने से पूर्व प्रातःकाल विशाल एवं भव्य कलश यात्रा निकाली गई। मातृशक्ति ने सिर पर कलश धारण कर श्याम बाबा के जयकारों और बैंड की मधुर भजन धुनों के बीच नृत्य-गान करते हुए पूरे मार्ग को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं की अपार आस्था और उत्साह से कलश यात्रा ने दिव्य स्वरूप धारण कर लिया।

कलश यात्रा में समाजसेवी एवं भामाशाह कालू लाल जैन, कृष्णा सेवा संस्थान के अध्यक्ष एवं हैप्पी होम स्कूल के निदेशक जगदीश अरोड़ा, कीर्ति सूद, रमन सूद, मुख्य यजमान मनीष एवं मधु जायसवाल, सुवालका समाज के अध्यक्ष सूर्य प्रकाश सुवालका, कमल सोंधी, श्रीरत्न मोहता, सिमरन गखरेजा, आईसीआईसीआई बैंक के सेवानिवृत्त अधिकारी प्रमोद जांगिड़, आयोजन समिति के अशोक माथुर, संजना माथुर, लीना जायसवाल, राणा जायसवाल, रितु अग्रवाल, सुरभि अरोड़ा, राकेश दुग्गल एवं डॉ. निशा अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्याम भक्त शामिल हुए।

कलश यात्रा राजेंद्र नगर स्थित राजराजेश्वर मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर टेकरी चौराहा, संतोष नगर एवं गायरियावास होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची। यहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच व्यास पीठ का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद कथावाचक पूज्य श्री कृष्णा संजय जी महाराज व्यास पीठ पर विराजमान हुए और श्री खाटू श्याम कथा का शुभारंभ किया।

अपने प्रवचन में महाराज श्री ने स्कंद पुराण के आधार पर श्री श्याम बाबा के दिव्य स्वरूप, महिमा, त्याग, वीरता, करुणा तथा कलियुग में उनके अवतारी स्वरूप का भावपूर्ण एवं तथ्यपरक वर्णन किया। उन्होंने कहा कि श्री खाटू श्याम जी केवल लोकदेवता ही नहीं, बल्कि श्रद्धा, समर्पण और निष्काम भक्ति के प्रतीक हैं। उनकी शरण में आने वाले भक्तों को आस्था और विश्वास की शक्ति प्राप्त होती है।

कथा के दौरान नवग्रह स्थापना, देव पूजन एवं विभिन्न वैदिक अनुष्ठान भी संपन्न कराए गए।

कथा के बीच प्रस्तुत श्याम बाबा के मधुर भजनों ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। अनेक श्रद्धालु भक्ति में भाव-विभोर होकर नृत्य करते नजर आए। पूरा मंदिर परिसर श्याम बाबा के जयकारों और भजनों से गूंज उठा।

आयोजन समिति के अनुसार यह पावन श्री खाटू श्याम कथा 10 अगस्त से 13 अगस्त तक प्रतिदिन दोपहर 3:30 बजे से शाम 7:00 बजे तक टेकरी स्थित श्री राजराजेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित होगी।

समिति ने उदयपुर एवं आसपास के सभी श्याम प्रेमियों, श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से कथा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भक्ति एवं आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने का आह्वान किया है।


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.