उपमहानिरीक्षक कारागार रेंज जोधपुर ने किया जिला जेल जैसलमेर का औचक निरीक्षण

( 202 बार पढ़ी गयी)
Published on : 09 Aug, 26 16:08

सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के साथ बंदियों के सुधार एवं पुनर्वास पर दिया जोर

उपमहानिरीक्षक कारागार रेंज जोधपुर ने किया जिला जेल जैसलमेर का औचक निरीक्षण

जैसलमेर। उपमहानिरीक्षक कारागार रेंज जोधपुर राकेश मोहन शर्मा ने रविवार को जिला जेल जैसलमेर का औचक निरीक्षण कर जेल की सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल की सुरक्षा व्यवस्था, सुरक्षा ऑडिट, बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, भोजन, स्वच्छता, चिकित्सा सेवाओं, मुलाकात व्यवस्था, प्रहरी लाइन तथा ओपन एयर कैम्प सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

कारागृह उपाधीक्षक मुरली मनोहर सुथार ने उपमहानिरीक्षक को जेल में संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं एवं गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। उपमहानिरीक्षक शर्मा ने निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बंदियों से किया संवाद, समस्याओं के समयबद्ध समाधान के निर्देश उपमहानिरीक्षक शर्मा ने बंदियों से संवाद कर उनके रहन-सहन, भोजन, चिकित्सा, मुलाकात सहित उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बंदियों की समस्याएं भी सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का नियमानुसार एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जेल प्रशासन का दायित्व केवल सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि बंदियों में सकारात्मक सोच विकसित कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में पुनर्स्थापित करने की दिशा में भी निरंतर कार्य किया जाना चाहिए।

सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हो उपमहानिरीक्षक शर्मा ने जेल एवं आरएसी स्टाफ से संवाद करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जेल की आंतरिक एवं बाहरी सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा प्रोटोकॉल की पूरी तरह पालना सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने सुरक्षा ऑडिट में सामने आने वाले बिंदुओं पर गंभीरता से कार्य करने के भी निर्देश दिए।

सुधारात्मक गतिविधियों एवं खेलों को बढ़ावा देने पर जोर उपमहानिरीक्षक ने बंदियों के सुधार एवं पुनर्वास के लिए संचालित सुधारात्मक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने बंदियों को सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए इनडोर गेम्स सहित अन्य गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए, ताकि उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित हो सके।

उन्होंने जरूरतमंद बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने, जेल में एसटीडी सुविधा एवं कैंटीन व्यवस्था के विस्तार तथा बंदियों को आवश्यक सुविधाएं नियमानुसार उपलब्ध कराने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जेल की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं औचक निरीक्षण के दौरान जिला जेल जैसलमेर की समस्त व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। उपमहानिरीक्षक ने जेल प्रशासन द्वारा सुरक्षा, स्वच्छता, भोजन, चिकित्सा एवं बंदी कल्याण से संबंधित व्यवस्थाओं के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं को निरंतर बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों एवं कार्मिकों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जेल की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा बंदियों के सुधार एवं पुनर्वास की दिशा में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.