घाटा वाली माताजी मंदिर से ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नशा छोड़ो-दूध पियो अभियान शुरू

( 404 बार पढ़ी गयी)
Published on : 10 Aug, 26 09:08

-सैकड़ों युवाओं ने हस्ताक्षर कर नशे से दूर रहने का लिया संकल्प’’

घाटा वाली माताजी मंदिर से ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नशा छोड़ो-दूध पियो अभियान शुरू

उदयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान के संदेश को आगे बढ़ाते हुए न्यू विजन संस्थान के तत्वावधान में श्री राधे कृष्ण फाउंडेशन की ओर से ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत रविवार को घाटा वाली माताजी मंदिर परिसर से ‘नशा छोड़ो-दूध पियो’ अभियान की शुरुआत की गई।

अभियान के दौरान मंदिर परिसर में पहुंचे लोगों को मिल्क रोज पिलाकर नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। वहीं सैकड़ों युवाओं ने बैनर पर हस्ताक्षर कर नशा नहीं करने और दूसरों को भी नशे से दूर रखने का संकल्प लिया।

श्री राधे कृष्ण फाउंडेशन के संचालक लोकेश पटेल ने बताया कि अभियान के तहत महिलाओं, पुरुषों, बच्चों और युवाओं को मिल्क रोज पिलाया गया। उन्होंने कहा कि नशा नरक का द्वार है। नशे की लत व्यक्ति का जीवन बर्बाद करने के साथ पूरे परिवार को भी आर्थिक और सामाजिक संकट में डाल देती है। युवाओं को नशे से बचाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आने की आवश्यकता है।

न्यू विजन संस्थान के अध्यक्ष हर्षित चौर्डिया ने बताया कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ को तीन चरणों में संचालित किया जाएगा। पहले चरण में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा। दूसरे चरण में नशे की गिरफ्त में आए युवाओं एवं अन्य लोगों को नशा छोड़ने का संकल्प दिलाया जाएगा। तीसरे चरण में सरकारी एजेंसियों के सहयोग से नशा मुक्ति के लिए प्रभावी अभियान चलाया जाएगा।

श्री राधे कृष्ण फाउंडेशन के सचिव हरीश पटेल ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को नशे से दूर रखना सबसे बड़ी सामाजिक आवश्यकता बन गई है। उन्होंने कहा कि कुछ कंपनियां और गिरोह अपने आर्थिक लाभ के लिए युवाओं को नशे की ओर धकेल रहे हैं।

ऐसे में समाज को मिलकर इसके खिलाफ जागरूकता और जनभागीदारी का अभियान चलाना होगा। अभियान के दौरान केंद्र प्रभारी जगदीश सहित फाउंडेशन एवं संस्थान के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अभियान की लोगों ने सराहना की। विशेष रूप से महिलाओं और युवतियों ने ‘नशा छोड़ो-दूध पियो’ अभियान को युवाओं के बेहतर भविष्य की दिशा में प्रभावी पहल बताते हुए इसमें सहयोग करने का संकल्प लिया।


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.