उदयपुर। पंचायत एवं नगर निकाय निर्वाचन-2026 की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने सोमवार को संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर निर्वाचन तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने विभिन्न निर्वाचन प्रकोष्ठों द्वारा अब तक किए गए कार्यों एवं आगामी तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।बैठक में प्रशिक्षण प्रकोष्ठ, कार्मिक प्रकोष्ठ, रिटर्निंग अधिकारी प्रकोष्ठ, स्वीप प्रकोष्ठ, कानून-व्यवस्था एवं क्रिटिकल मतदान केन्द्र प्रकोष्ठ, चुनाव सामग्री प्रकोष्ठ, वाहन व्यवस्था प्रकोष्ठ, ईवीएम एवं मतपेटी प्रकोष्ठ, सामान्य व्यवस्था एवं मतगणना प्रकोष्ठ, आदर्श आचार संहिता प्रकोष्ठ, पर्यवेक्षक प्रकोष्ठ, चुनाव लेखा तथा मीडिया प्रकोष्ठ सहित विभिन्न प्रकोष्ठों की तैयारियों की समीक्षा की गई।जिला निर्वाचन अधिकारी ने संचार विहीन, वनरेबल एवं क्रिटिकल मतदान केन्द्रों पर की जाने वाली व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।
साथ ही निर्वाचन से संबंधित सभी आवश्यक संसाधनों, कार्मिकों, प्रशिक्षण, परिवहन एवं चुनाव सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय एवं प्रभावी संचार के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन से जुड़े प्रत्येक कार्य को समयबद्ध रूप से पूरा करें।जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने तथा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित समय-सारणी की पूर्णतः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपेंद्र सिंह, एडीएम शहर जितेंद्र ओझा, निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, एसडीएम गिरवा अवुला साइकृष्ण, स्मार्ट सिटी सीईओ सोनिका कुमारी सहित विभिन्न प्रकोष्ठ प्रभारी एवं सहप्रभारी उपस्थित रहे।