श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक आयोजित हुई।
बैठक में सतर्कता समिति के समक्ष लंबित प्रकरणों की रिपोर्ट एवं जांच की समीक्षा की गई तथा उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में समिति के समक्ष विभिन्न प्रकरणों पर सदस्यों के साथ गहन विचार-विमर्श किया गया।
इस दौरान जनसुनवाई भी आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न प्रकरण प्राप्त हुए।
समिति के सदस्यों ने प्राप्त प्रकरणों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में सदस्यों ने शहर की विभिन्न जनसमस्याओं पर भी चर्चा की।
इनमें पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति, एलएनटी द्वारा सड़क निर्माण कार्यों के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों का शीघ्र सुधार, पानी निकासी, पार्किंग व्यवस्था तथा जिले में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति जैसे विषय प्रमुख रहे।
समिति ने संबंधित अधिकारियों को इन मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।समिति ने जिले में नशे की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा संबंधित विभागों के आपसी समन्वय से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
जिला कलक्टर ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य किया जाए तथा प्राप्त शिकायतों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित हो।बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री सुभाष कुमार, गंगानगर एसडीएम श्री नयन गौतम, जिला परिषद एसीईओ श्री हरिराम चौहान, श्री अनिल अग्रवाल, श्री संजीव वर्मा, डॉ. सतीश शर्मा, डॉ. अजय सिंगला, श्री मिलखराज चुघ, श्री मंगत सेतिया, श्री कैलाशदान, श्री श्याम धारीवाल, श्री भगवान दास मेघवाल, श्री अशोक नागपाल, श्री अनवर अली खान, श्री हरभगवान सिंह, श्री महेंद्र सिंह सोढ़ी, श्रीमती आरती शर्मा, श्रीमती बिरमा नायक सहित समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।