वैज्ञानिक उपलब्धियों से गौरवान्वित हुआ महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल

( 428 बार पढ़ी गयी)
Published on : 11 Aug, 26 17:08

जर्मनी में शोधरत पूर्व छात्र डॉ. पलाश कुमावत का भव्य स्वागत एवं सम्मान

वैज्ञानिक उपलब्धियों से गौरवान्वित हुआ महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल

उदयपुर | महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल, सिटी पैलेस, उदयपुर में 10 अगस्त को विद्यालय के प्रतिभाशाली पूर्व छात्र एवं 2016 बैच के विद्यार्थी डॉ. पलाश कुमावत की उल्लेखनीय वैज्ञानिक उपलब्धियों के सम्मान में विशेष समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर श्रीमती निवृत्ति कुमारी मेवाड़ की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ाई।

डॉ. पलाश कुमावत वर्तमान में जर्मनी की ब्रेमेन यूनिवर्सिटी स्थित MARUM में पोस्ट-डॉक्टोरल रिसर्चर के रूप में कार्यरत हैं। वे फ्लूइड-रॉक इंटरैक्शन, मरीन जियोकेमिस्ट्री और सबसीफ्लोर हैबिटेबिलिटी जैसे अत्याधुनिक अंतरविषयक क्षेत्रों में शोध कर रहे हैं। उनका अनुसंधान समुद्र की गहराइयों में होने वाली भू-रासायनिक प्रक्रियाओं, चरम परिस्थितियों में जीवन की संभावनाओं तथा मंगल सहित अन्य ग्रहों पर जीवन की खोज से जुड़े महत्वपूर्ण वैज्ञानिक प्रश्नों पर केंद्रित है।

श्रीमती मेवाड़ ने डॉ. कुमावत की उपलब्धियों को विद्यालय और सम्पूर्ण मेवाड़ के लिए गौरव का विषय बताते हुए उनकी सफलता में माता-पिता के विश्वास, सहयोग, त्याग और समर्पण की विशेष सराहना की।

डॉ. कुमावत ने महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी श्रीजी हुजूर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ के प्रति भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यालय से मिले शिक्षकों के मार्गदर्शन और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को अपनी सफलता की महत्वपूर्ण आधारशिला बताया। विद्यार्थियों को संदेश देते हुए उन्होंने जिज्ञासा बनाए रखने, प्रश्न पूछने, निरंतर सीखने और अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखने की बात कही। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते जल-पदचिह्न का उल्लेख करते हुए तकनीक के जिम्मेदार उपयोग और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर भी बल दिया।

विद्यालय के मानद निदेशक सतीश कुमार शर्मा ने डॉ. कुमावत को बधाई देते हुए कहा कि पूर्व विद्यार्थियों की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियाँ विद्यालय के लिए गौरव और वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

यह समारोह केवल एक वैज्ञानिक की उपलब्धियों का अभिनंदन नहीं, बल्कि विद्यालय और उसके पूर्व विद्यार्थियों के बीच कायम आत्मीय एवं मूल्याधारित संबंधों का उत्सव भी रहा।

© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.