श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव एवं जिला पुलिस अधीक्षक श्री हरिशंकर के नेतृत्व में जारी नशा मुक्त श्रीगंगानगर अभियान के तहत दुलापुर कैरी में नशा मुक्त जागृति पैदल यात्रा का आयोजन किया गया।
यात्रा में भारी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया।सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के श्री विक्रम ज्याणी ने रैली में संदेश दिया कि नशे के खिलाफ लड़ाई पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जब माता-पिता, शिक्षक, युवा, ग्रामीण, सामाजिक संगठन और सुरक्षा बल एक साथ खड़े होंगे, तभी नशे की समस्या के खिलाफ मजबूत सामाजिक वातावरण तैयार होगा।
हर कदम नशे के खिलाफ, हर कदम भविष्य के लिए जागरूकता यात्रा के दौरान एएसआई श्री मालचंद ने ग्रामीणों को समझाया गया कि नशा केवल एक व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि उसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है।प्रधानाचार्य श्री दिनेश कुमार ने कहा युवा का नशे से दूर रहना केवल उसकी अपनी जिंदगी बचाना नहीं, बल्कि माता-पिता के सपनों, परिवार की खुशियों और समाज के भविष्य को बचाना है।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं और ग्रामीणों ने नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए युवा टीम का विशेष सहयोग रहा।
गांव के युवाओं ने एक स्वर में कहा कि वे अपने गांव, अपने परिवार और अपनी आने वाली पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए हर संभव सकारात्मक प्रयास करेंगे।समाज में ऐसी मजबूत सोच विकसित हो, जिसमें नशे को स्वीकार करने के बजाय उसका सामाजिक रूप से विरोध किया जाए।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को श्री सहीराम,श्री प्रवीण कुमार द्वारा हाथ उठाकर शपथ दिलाई गई। पैदल यात्रा में बीएसएफ ,पुलिस थाना हिंदुमलकोट व ग्राम पंचायत के युवाओं, ग्रामीणों, विद्यार्थियों और जागरूक नागरिकों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।