जैसलमेर। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, इगानप जैसलमेर में विश्व साक्षरता दिवस हर्षाेल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला स्वीप कोऑर्डिनेटर प्रमोद व्यास के निर्देशन में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR -2026) के तहत विभिन्न स्वीप गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के तहत विद्यालय में ईएलसी गतिविधि “देश में मतदाता साक्षरता और जागरूकता क्यों आवश्यक है” विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी, मतदान का महत्व एवं युवा मतदाताओं की भूमिका जैसे विषयों पर सार्थक विचार प्रस्तुत किए।
विद्यालय के संस्था प्रधान रामाराम ने नामांकित विद्यार्थियों एवं भावी मतदाताओं को मतदाता सूची में पंजीकरण की प्रक्रिया, मतदान के संवैधानिक अधिकार के महत्व तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध करवाई गई डिजिटल सुविधाओं वोटर हेल्पलाइन ऐप, सी-विजिल ऐप इत्यादि के उपयोग के माध्यम से पारदर्शी एवं सुलभ चुनाव प्रक्रिया की जानकारी भी दी।
विश्व साक्षरता दिवस के अवसर पर ईएलसी प्रभारी श्रीमती दीपिका रंगा द्वारा विद्यार्थियों को मतदाता शपथ दिलवाई गई, जिसमें सभी ने निष्पक्ष, निर्भीक एवं जागरूक मतदाता बनने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य भावी मतदाताओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, लोकतांत्रिक दायित्वों का बोध कराना एवं साक्षरता के महत्व को जन-जन तक पहुँचाना रहा। विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों ने इस पहल की सराहना करते हुए अधिक से अधिक युवाओं को मतदाता शिक्षा से जोड़ने का संकल्प लिया।
Source: