राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण दिवस (एस.एन.आई.डी.) के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित
जैसलमेर। जिले में राष्ट्रीय हित से जुड़ी सबसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य गतिविधियों में से एक राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण दिवस (एस.एन.आई.डी.) के सफल आयोजन को लेकर बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स ¼DTF½ की उच्चस्तरीय बैठक आयोजित हुई।
बैठक में 23 नवम्बर 2025 को प्रस्तावित अभियान की जिलास्तरीय तैयारियों पर बिंदुवार विस्तृत चर्चा की गई। जिला कलक्टर ने अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए सभी अधिकारियों को स्पष्ट एवं समयबद्ध दिशा-निर्देश जारी किए।
जिले में कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित नहीं रहे, यह हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी - जिला कलक्टर
जिला कलक्टर सिंह ने कहा कि पोलियो जैसे संक्रामक रोग से देश को पूर्णतया सुरक्षित रखना हम सभी की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेताया कि जरा-सी लापरवाही भविष्य के लिए खतरा बन सकती है। इसलिए प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और सभी सहभागी संस्थाएं पूर्ण तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
अभियान की तैयारियों की समीक्षा
स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के तहत जिला कलक्टर ने प्रमुख बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए कि सभी टीकाकरण बूथों का पूर्व सर्वेक्षण व व्यवस्थाओं की अंतिम पुष्टि एवं मानव संसाधन की पूर्ण उपलब्धता, टीमों की शत-प्रतिशत उपस्थिति एवं समयबद्ध तैनाती की जाए।उन्होंने निर्देशित किया कि कोल्ड-चेन प्रबंधन का कठोर अनुपालन, वैक्सीन की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की चूक न हो। साथ ही, दूरस्थ, सीमावर्ती एवं रेतीले क्षेत्रों में विशेष मोबाइल टीमें सक्रिय रहे एवं अभियान के दौरान रियल-टाइम मॉनिटरिंग एवं त्वरित समस्या समाधान तंत्र स्थापित किया जाए।
सभी विभागों के समन्वय पर विशेष बल
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेंद्र पालीवाल ने बताया गया कि टीकाकरण दिवस पर शिक्षा, ग्रामीण विकास, नगर निकाय, महिला एवं बाल विकास, आयुर्वेद, पशुपालन सहित अन्य संबंधित विभाग संयुक्त रूप से अभियान को सुचारू रूप से संचालित करेंगे। जिला कलक्टर ने कहा कि सभी विभाग बिना किसी शिथिलता के समन्वित रूप से कार्य करें, ताकि अभियान पूर्णतः सफल हो सके।
ऊर्जा विभाग को विशेष निर्देश
जिला कलक्टर ने अभियान के दौरान किसी भी प्रकार का अवरोध न आए इसके लिए ऊर्जा विभाग को निरंतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए साथ ही, उन्होंने कहा कि यह अभियान सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। हर विभाग, हर टीम एवं हर अधिकारी इसे सर्वाेच्च प्राथमिकता दे।
ये रहे उपस्थित
बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र सिंह सांदू, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेंद्र पालीवाल, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान, WHO एवं UNICEF प्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Source: