जिला कलक्टर ने प्रमाण-पत्र एवं प्रोत्साहन उपहार देकर किया सम्मानित

        जैसलमेर। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर ) -2026 के तहत मतदाता सूची के शत-प्रतिशत परिगणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन में उत्कृष्ट कार्य करते हुए जैसलमेर जिले के पाँच बीएलओ ने प्रदेशभर में मिसाल पेश की है। गुरुवार को राज्य निर्वाचन विभाग, जयपुर द्वारा आयोजित समीक्षा वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान इन पाँचों बीएलओ को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया।

        जिला कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी केंद्र में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला कलक्टर प्रताप सिंह ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन की उपस्थिति में सभी चयनित बीएलओ को प्रमाण-पत्र एवं प्रोत्साहन स्वरूप उपहार भेंटकर सम्मानित किया तथा उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। कार्यक्रम में भारत निर्वाचन आयोग के सहायक निदेशक अपूर्वा कुमार सिंह भी मौजूद रहे।

      जिला स्तरीय वींसी हॉल में इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर परसाराम, उपखंड अधिकारी सक्षम गोयल, सहायक निदेशक लोक सेवाएं रोहित वर्मा, तहसीलदार सत्य प्रकाश खत्री, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान सहित अन्य संबंधित विभागीय कार्मिक उपस्थित रहे और सम्मानित बीएलओ का उत्साहवर्धन किया।

जिला कलक्टर ने की सराहना

     जिला कलक्टर प्रताप सिंह ने कहा कि पांचों बीएलओ ने कार्यकुशलता, तकनीकी दक्षता, अनुशासन एवं समयबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि टीम वर्क एवं समर्पण से संपन्न इस कार्य ने जिले को राज्य स्तर पर गौरवान्वित किया है। यह उपलब्धि अन्य बीएलओ के लिए प्रेरणादायक है और मतदाता सूची के पारदर्शी एवं त्रुटिरहित निर्माण की दिशा में एक मजबूत कदम है।

सम्मानित बीएलओ

1. तगा राम, अध्यापक - राजकीय प्राथमिक विद्यालय, चौधरियों की ढाणी

2. करनेल सिंह, अध्यापक - सामुदायिक सभा भवन, जानीपुरा

3. हनीफ खान, अध्यापक - राजकीय प्राथमिक विद्यालय, बादल की ढाणी

4. आम्ब सिंह, अध्यापक - राजकीय प्राथमिक विद्यालय, सगरा

5. भभूत सिंह, अध्यापक - राजकीय प्राथमिक विद्यालय, हलाणियों की ढाणी

बीएलओ बोले, यह सामूहिक प्रयास की सफलता

     सम्मानित बीएलओ ने कहा कि यह उपलब्धि स्थानीय प्रशासन, तकनीकी टीम एवं नागरिकों के सहयोग से संभव हो सकी है। साथ ही, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागीय अधिकारियों से समय-समय पर प्राप्त मार्गदर्शन के कारण डिजिटल कार्य निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण किया गया।

जिले ने हासिल किया राज्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन

   जिला प्रशासन द्वारा बताया गया कि जैसलमेर जिले के इन बीएलओ ने शत-प्रतिशत परिगणना प्रपत्र डिजिटाइजेशन कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) के तहत शानदार उपलब्धि दर्ज की है। यह परिणाम मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में अहम् भूमिका निभाएगा।

Source: