जैसलमेर 26 नवंबर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण व औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान जैसलमेर के संयुक्त तत्वावधान में संविधान दिवस के अवसर पर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान जैसलमेर में मॉक पार्लियामेंट का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण किशोर कुमार तालेपा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया जिसमें न्याय रक्षक मदनसिंह सोढा, संस्थान के उपनिदेशक मदनमोहन चौहान व जगदंबा आईटीआई संस्थान के संचालक रामेश्वर बोरावत सहित सभी अध्यापकगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ सचिव द्वारा संविधान निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर की तस्वीर पर माल्यार्पण कर किया गया। मॉक पार्लियामेंट में संस्थान के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया व स्पीकर, प्रधानमंत्री, रक्षामंत्री, गृहमंत्री, वित्तमंत्री व नेता प्रतिपक्ष सहित माननीय सासंदो की आभासी भूमिकाएं अदा की एवं बच्चों के अधिकार, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा का अधिकार, लैंगिक समानता, बच्चों का कल्याण इत्यादि विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।

इस दौरान सचिव किशोर कुमार तालेपा ने बच्चों को संविधान की प्रस्तावना से अवगत करवाते हुए बताया कि प्रस्तावना हमें संवैधानिक मूल्यों की याद दिलाती है एवं यह सरकार, न्यायालय और जनता सभी को एक मागर्दशन देती है। उन्होने संविधान की प्रस्तावना में वर्णित समाजवाद, पंथनिरपेक्षता, लोकतंत्र, गणराज्य, स्वतंत्रता, समता, बंधुता और न्याय जैसे महत्वपूर्ण शब्दों के बारे में सरल भाषा में प्रतिभागियों को समझाया। अन्त में मॉक पार्लियामेंट का समापन संविधान की प्रस्तावना का पठन करवाने के साथ हुआ।

Source: