मतदाता सूची शुद्धिकरण पर शिक्षकों-विद्यार्थियों को दी व्यवहारिक जानकारी
जैसलमेर। जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलक्टर), मुख्य कार्यकारी अधिकारी (स्वीप प्रकोष्ठ नोडल अधिकारी) एवं जिला स्वीप समन्वयक के निर्देशन में जिला स्वीप प्रकोष्ठ द्वारा स्थानीय ईमानुअल मिशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जैसलमेर में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) विषयक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के चेयरमैन रेव. सैमुअल वी. ए. ने की।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को एसआईआर प्रणाली एवं विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं। स्वीप प्रकोष्ठ द्वारा उपस्थित जनों को अपने-अपने क्षेत्रों में इस जानकारी का प्रसार कर जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वीप प्रकोष्ठ सदस्य गोविंदराम गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्वाचन विभाग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम एक वैधानिक प्रक्रिया है, जिसका आयोजन प्रदेश में 2002 के बाद अब पुनः किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक होने के नाते प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर इसे सफल बनाएं।
स्वीप दल सदस्य रोशनी भूतड़ा ने बताया कि एसआईआर का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए। उन्होंने सभी से अपील की कि वे बीएलओ द्वारा वितरित गणना पत्र को स्वयं भरने के साथ-साथ अपने परिवार एवं आस-पास के पात्र लोगों को भी ऑफलाइन एवं ऑनलाइन माध्यम से प्रपत्र भरवाने में सहयोग करें।
स्वीप दल सदस्य मांगीलाल सोनी ने गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया, नाम जोड़ने एवं हटाने के नियम, ऑफलाइन-ऑनलाइन आवेदन सहित मतदाता सूची से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य अब्राहम सैमुअल, स्टाफ सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
Source: