प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की अध्यक्षता में राजनैतिक दलों के साथ समन्वय बैठक आयोजित

जैसलमेर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) – 2026 के तहत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र जैसलमेर (132) की प्रारूप मतदाता सूची का मंगलवार को विधिवत प्रकाशन किया गया।

इस अवसर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सक्षम गोयल की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री मनोहरसिंह दामोदरा, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मनोहरसिंह नरावत, जिला कार्यालय मंत्री शंकरलाल माली, भाजपा के दीपसिंह सोलंकी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रारूप मतदाता सूची की हार्ड कॉपी उपलब्ध कराई गई एवं फोटो रहित सूची की सॉफ्ट कॉपी सीडी के माध्यम से प्रदान की गई।

प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही अनुपस्थित, मृत, दोहरी प्रविष्टि एवं स्थानांतरित (ASD) मतदाताओं की जानकारी साझा की गई। यह सूची सभी मतदान केन्द्रों, ग्राम पंचायत मुख्यालयों, नगरीय निकाय कार्यालयों, तहसील, पंचायत समिति एवं उपखण्ड कार्यालयों में चस्पा की गई है। साथ ही यह सूची जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) की वेबसाइट पर भी ऑनलाइन उपलब्ध है।

निर्वाचक नामावली में नाम जोड़ने, हटाने अथवा किसी प्रविष्टि में संशोधन संबंधी दावा–आक्षेप 15 जनवरी 2026 तक निर्धारित प्ररूप 6, 7 एवं 8 (आवश्यक घोषणा पत्र Annexure-IV सहित) में प्रस्तुत किए जा सकते हैं। संबंधित आवेदन निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (तहसीलदार जैसलमेर/सम/फतेहगढ़) अथवा बूथ लेवल अधिकारी (BLO) को व्यक्तिगत रूप से अथवा डाक द्वारा भेजे जा सकते हैं।

Source: