जैसलमेर,  राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहल ग्रामीण समस्या समाधान शिविर – 2025 के तहत ग्राम पंचायत थईयात में आयोजित फ्लो-अप शिविर ने आमजन को त्वरित एवं प्रभावी राहत प्रदान करते हुए प्रशासन के प्रति विश्वास को और सुदृढ़ किया है। इस शिविर में वर्षों से लंबित भूमि विवाद का समाधान होने पर ग्रामीणों के चेहरों पर संतोष और खुशी साफ झलकती नजर आई।

शिविर में प्रार्थीया मालती कँवर ,ऋतु विनीत खत्री और विक्रम सिंह द्वारा अपना बंटवारानामा प्रस्तुत किया गया। प्रार्थीया ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से खाता विभाजन के लिए बार-बार प्रयासों के बावजूद आपसी सहमति नहीं बन रही थी । लगभग 3 वर्षों से चला आ रहा यह आपसी विवाद उनके लिए मानसिक व आर्थिक परेशानी का कारण बना हुआ था।

फ्लो-अप शिविर के दौरान हल्का पटवारी पृथ्वीराज सिंह राठौड़ से संपर्क होने पर उन्हें शिविर में आने की सलाह दी गई। तत्पश्चात शिविर प्रभारी महेश सिंह राठौड़ ,तहसीलदार जैसलमेर राजेन्द्रकरण सिंह और भू अभिलेख निरीक्षक टिकमाराम एवं सहायक शिविर प्रभारी मनोहर सुथार व महेंद्र सिंह झाला के निर्देशानुसार मौके पर ही बंटवारानामा तैयार किया गया। शिविर स्थल पर ही ऑनलाइन प्रक्रिया अपनाते हुए, सभी खातेदारों की आपसी सहमति से खाता विभाजन की कार्यवाही पूर्ण की गई।

एक ही दिन में वर्षों पुराना विवाद सुलझने पर प्रार्थीया भावुक हो उठीं और उन्होंने इसे अपने जीवन का एक यादगार दिन बताया। उन्होंने कहा कि जिस समस्या के समाधान के लिए वे भटक रही थीं, वह आज प्रशासन की संवेदनशीलता और तत्परता से कुछ ही घंटों में समाप्त हो गई।

इस सफल समाधान से न केवल प्रार्थीया बल्कि सभी सह-खाताधारक अत्यंत प्रसन्न हैं। ग्रामीणों ने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण समस्या समाधान शिविर वास्तव में आमजन के लिए न्याय, सुविधा और राहत का सशक्त माध्यम बन रहे हैं।

Source: