विभागीय नवाचारों को दें प्राथमिकता, निस्तारित प्रकरणों को पोर्टल पर करें अपलोड – जिला कलक्टर
जैसलमेर। जिला प्रशासन की प्रभावशीलता को सुदृढ़ करने एवं आमजन को गुणवत्तापूर्ण, त्वरित एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार जिले में सुशासन सप्ताह (गुड गवर्नेंस वीक) का आयोजन 19 दिसम्बर से प्रारम्भ किया गया है, जो 25 दिसम्बर तक संचालित रहेगा।
सुशासन सप्ताह के तहत जिले भर में विशेष शिविरों का आयोजन कर लोक सेवा गारंटी अधिनियम-2011, सीपी ग्राम पोर्टल, राजस्थान सम्पर्क पोर्टल, वीवीआईपी प्रकरण, मुख्यमंत्री एवं जनसुनवाई के दौरान प्राप्त लंबित एवं नवीन लोक शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जा रहा है, जिससे परिवादियों को शीघ्र राहत सुनिश्चित हो सके।
इसी क्रम में मंगलवार को जिला कलक्टर प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में अतिरिक्त जिला कलक्टर परसाराम सैनी, उपखण्ड अधिकारी सक्षम गोयल सहित जिले के समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर प्रताप सिंह ने कहा कि सुशासन सप्ताह का मूल उद्देश्य जन शिकायतों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत सीपी ग्राम एवं राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का गंभीरता से निस्तारण कर आमजन को राहत प्रदान की गई है।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों में किए गए नवाचारों एवं उत्कृष्ट कार्यों को इस सप्ताह के दौरान विशेष रूप से हाईलाइट करें एवं सप्ताह में निस्तारित समस्त प्रकरणों एवं नवाचारों को निर्धारित पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करें, ताकि जिले के कार्यों की पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
अतिरिक्त जिला कलक्टर परसाराम सैनी ने गुड गवर्नेंस की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक विभाग का लक्ष्य आमजन को कम से कम समय में अधिकतम राहत प्रदान करना होना चाहिए। उन्होंने सप्ताह के दौरान आयोजित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी देते हुए अधिकारियों को सभी गतिविधियों का समयबद्ध पोर्टल अपलोड सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपखण्ड अधिकारी सक्षम गोयल ने सुशासन सप्ताह के तहत आयोजित होने वाली गतिविधियों को प्रभावी, परिणामोन्मुखी एवं जनहितकारी बनाने पर जोर दिया।
सुशासन सप्ताह के माध्यम से जिले में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक सशक्त, संवेदनशील एवं नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं।
Source: