जैसलमेर। भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस (सुशासन दिवस) के अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय, जैसलमेर में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान भारत रत्न स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर सहायक सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी प्रवीण प्रकाश चौहान सहित कार्यालय के समस्त कर्मचारियों ने सुशासन की शपथ ली। उपस्थित सभी कार्मिकों ने जनसेवा को सर्वोपरि रखते हुए ईमानदारी, पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों एवं सुशासन की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया गया। उपस्थितजनों ने उनके प्रेरणादायी जीवन और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर सहायक प्रशासनिक अधिकारी (से. नि.) ओम प्रकाश पंवार, सूचना सहायक मनीष कश्यप सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।
Source: