श्रीगंगानगर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री रवि प्रकाश सुथार (अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश) श्रीगंगानगर द्वारा शुक्रवार को उपकारागृह, अनूपगढ़ का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कारागृह अनूपगढ़ का निरीक्षण उपकारागृह प्रभारी महावीर प्रसाद द्वारा करवाया गया।
      इस दौरान एडीजे श्री सुथार द्वारा अलग-अलग बैरकों में जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बैरकों के अन्दर व बाहर स्थित शौचालयों में साफ-सफाई व फ्लश का पूर्णतया अभाव पाया गया। इस दौरान उपकारागृह में निरूद्ध विचाराधीन बंदियों से वार्ता कर जेल में मिलने वाले भोजन, पानी व चाय की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली तो सभी बंदियों द्वारा उपकारागृह में भोजन अच्छा मिलना बताया गया। इस दौरान उपकारागृह में स्थित रसोई में रंग-रोगन का कार्य स्वयं बंदियो द्वारा अपनी इच्छा से किया जाना बताया गया।
      एडीजे श्री रवि प्रकाश सुथार द्वारा बंदियों से उनके प्रकरणों में पैरवी हेतु अधिवक्ता के बारे में पूछा गया तो समस्त बंदियों के पास अपने प्रकरणों में अधिवक्ता होना पाया गया। उन्होंने बंदियों को विधिक सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान कर जागरूक भी किया गया ताकि कोई भी बंदी विधिक सहायता से वंचित ना रह पाये।
     इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्रीगंगानगर से विजिटिंग अधिवक्ता श्री रामेश्वर लाल व नर्सिंग ऑफिसर श्री प्रेम सोखल उपस्थित रहे। विजिटिंग अधिवक्ता द्वारा सप्ताह में दो दिवस जेल विजिट कर नई आमद बंदियों से वार्ता कर उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में जानकारी प्रदान कर रहे हैं।

Source: