श्रीगंगानगर,  धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जन्म जयंती के उपलक्ष में जनजातीय गौरव वर्ष के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय प्रदर्शनी का आयोजन शनिवार को जिला परिषद परिसर में किया गया।
 कार्यक्रम में वक्ताओं ने बिरसा मुंडा के अद्वितीय योगदान, उनके संघर्षपूर्ण जीवन तथा जनजातीय समाज को संगठित करने में उनकी अहम भूमिका का स्मरण किया। इस दौरान जनजातीय कला, संस्कृति, पारंपरिक हस्तशिल्प, आजीविका, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित विभागीय प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिन्हें जनसमूह द्वारा उत्साहपूर्वक देखा गया।
 जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने कहा कि बिरसा मुण्डा की जयंती राष्ट्रीय स्तर पर यह पखवाडा मनाया जा रहा है। राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर आदिवासी कल्याण की योजनाओं को प्रदर्शनी में दिखाया गया है। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। राजीविका स्वयं सहायता समूह द्वारा निर्मित वस्तुओं की स्टॉल का अवलोकन करते हुए अतिथियों ने इसे महिलाओं को आत्मनिर्भर करने में महत्वपूर्ण बताया।
 आयोजित प्रदर्शनी और स्टॉल का प्रवासी संघ प्रदेशाध्यक्ष श्री भीम सिंह कासनिया सहित अन्य अतिथियों द्वारा भी अवलोकन करते हुए भगवान बिरसा मुंडा का स्मरण किया गया। इस अवसर पर एसपी डॉ. अमृता दुहन, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री सुभाष कुमार, सीईओ जिला परिषद श्री गिरधर, एसीईओ श्री हरिराम चौहान सहित अन्य उपस्थित रहे। 

Source: