श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर डॉ. मंजू एवं जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के नेतृत्व में जारी नशा मुक्त श्रीगंगानगर अभियान के तहत दधिमती महिला शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से श्री विक्रम ज्याणी ने कहा कि नशे के खिलाफ चल रहे इस अभियान में एक बहन और उसका भाई मिलकर इस अभियान में बहुत बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। अपनी राखी की जिम्मेदारी समझो और समाज को सुरक्षित बनाने में साझेदार बनो। उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं की एक छोटी सी पहल भी परिवार और समाज को नशे के दंश से बचा सकती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं प्राचार्या डॉ. निरूपा शर्मा ने विद्यार्थियों से जोरदार अपील की कि हम सबको इस अभियान से जुड़ना है और दूसरों को भी साथ जोड़ना है, तभी नशा मुक्त समाज का निर्माण संभव है। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति की शपथ ली तथा नशा मुक्ति सुरक्षा कवच बैज वितरण किए गए। कार्यक्रम में रश्मि कटारिया, कंचन आहूजा, पुष्पा गांधी, जितेंद्र शर्मा सहित विद्यार्थी उपस्थित रहे। पुलिस कांस्टेबल श्री प्रवीण कुमार ने साइबर सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के लिए युवाओं को जागरूक किया। 

Source: