श्रीगंगानगर। माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार जिले में आयोजित हो रहे शहरी समस्या समाधान शिविरों में आमजन की समस्याओं का समाधान हो रहा है। साथ ही उन्हें केन्द्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का मौके पर ही लाभ मिल रहा है। शुक्रवार को जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने नगर परिषद श्रीगंगानगर में आयोजित शहरी समस्या शिविर का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
 
नगर परिषद में आयोजित शहरी समस्या समाधान शिविर का अवलोकन करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि शिविर में आने वाली समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जाये। राज्य सरकार के निर्देशानुसार शिविर में पीएम स्वनिधि, पीएमएवाई, जन्म-मृत्यु पंजीयन, विवाह पंजीयन, सफाई और स्ट्रीट लाईट मरम्मत जैसे कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करवाते हुए आमजन को राहत पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आमजन को समस्त सेवायें उपलब्ध करवाने और उनसे संबंधित प्रकरणों का निस्तारण करने के लिए शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। आमजन इन कैम्पों में उपस्थित होकर इनका अधिकाधिक लाभ उठाएं। इस अवसर पर जिला कलक्टर द्वारा आमजन में पट्टा वितरण भी किया गया।

नगर परिषद आयुक्त श्री रविन्द्र सिंह यादव ने बताया कि परिषद् सभाकक्ष में शिविर आयोजन जारी है। 18 दिसंबर 2025 तक लगभग 800 पट्टे जारी किये जा चुके हैं जबकि शहरी समस्या समाधान शिविर के अंतर्गत कुल 55 पट्टे जारी किये गये हैं। इसके अतिरिक्त 35 पट्टा पत्रावलियों में आपत्ति सूचना का प्रकाशन करवाया जा चुका है। आपत्ति अवधि पश्चात् नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। इस अवसर पर एडीएम प्रशासन श्री सुभाष कुमार, श्री मंगत सेतिया, नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी सहित अन्य मौजूद रहे। 

Source: