उदयपुर। सेंट एंथनीज़ सीनियर सेकेंडरी स्कूल, उदयपुर के लिए यह अत्यंत हर्ष, गर्व और गौरव का विषय है कि विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा तनिष्का जैन ने योग के क्षेत्र में अपनी अद्भुत प्रतिभा, दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन एवं निरंतर अभ्यास के बल पर विश्व स्तर पर विद्यालय और शहर का नाम रोशन किया है।
मीडिया प्रभारी विकास साहू ने बताया कि तनिष्का जैन ने 29 सितंबर 2026 को योगासन की अत्यंत महत्वपूर्ण मुद्रा सर्वांगासन (Sarvangasana) में सबसे लंबे समय तक बने रहने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया।
तनिष्का ने लगातार 35 मिनट 11 सेकंड तक सर्वांगासन की मुद्रा में रहकर International Book of Records में अपना नाम दर्ज करवाया और एक नया विश्व कीर्तिमान स्थापित किया।
यह उपलब्धि तनिष्का की कठिन मेहनत, नियमित अभ्यास, आत्मविश्वास और योग के प्रति समर्पण का शानदार उदाहरण है। इतनी कम उम्र में इस प्रकार की असाधारण सफलता हासिल करना न केवल उनके परिवार, बल्कि संपूर्ण विद्यालय परिवार और उदयपुर शहर के लिए भी गर्व की बात है।
प्राचार्य विलियम डीसूजा ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर तनिष्का को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां अन्य बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत बनती हैं।
उन्होंने तनिष्का के माता-पिता, प्रशिक्षकों एवं शिक्षकों की भी सराहना की, जिनके मार्गदर्शन, सहयोग और प्रोत्साहन से यह सफलता संभव हो सकी।
विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य, शिक्षकगण एवं समस्त विद्यार्थियों ने तनिष्का जैन को इस शानदार विश्व रिकॉर्ड के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
तनिष्का की यह उपलब्धि हमें संदेश देती है कि यदि लक्ष्य बड़ा हो, संकल्प मजबूत हो और मेहनत निरंतर हो, तो कोई भी सपना असंभव नहीं है।सपने देखिए, मेहनत कीजिए और अपनी प्रतिभा से दुनिया में अपनी पहचान बनाइए!
सेंट एंथनीज़ सीनियर सेकेंडरी स्कूल, उदयपुर को अपनी इस होनहार छात्रा पर गर्व है!