श्रीगंगानगर । नगर निकाय चुनाव 2026 के मद्देनजर मतदाताओं को जागरूक करने के लिए स्वीप गतिविधियों का नियमित आयोजन किया जा रहा है।

इसी क्रम में सोमवार को विभिन्न विद्यालयों में रंगोली एवं रैली के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक किया गया।स्वीप प्रभारी श्री रमन असीजा ने बताया कि स्वीप गतिविधियों के तहत शहीद सुभाष राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नंबर 9, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय नंबर 2 पुरानी आबादी, भारती कॉन्वेंट विद्यालय, बाल निकेतन सेकेंडरी स्कूल, पायनियर इंटरनेशनल स्कूल, प्रगति विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल एवं विंटर हिल पब्लिक सेकेंडरी स्कूल में रंगोली बनाकर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया गया।आर्यन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गुरुनगर की ओर से रैली का आयोजन किया गया।

विद्यार्थियों ने रैली के माध्यम से आमजन को मतदान के महत्व से अवगत करवाते हुए लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।स्वीप गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को मतदान के अधिकार का प्रयोग करने, बिना किसी प्रलोभन के निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया।

जिले में आगामी दिनों में भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न मतदाता जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।