उदयपुर | 15 अगस्त 2026 को भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर NALS द्वारा आयोजित ऑनलाइन विशेष कार्यक्रम ‘मेरा देश : मेरा अभिमान’ — ‘स्वतंत्रता दिवस की संध्या, एक भारत : एक दिल’ देशभक्ति और भारतीय गौरव की भावनाओं से सराबोर रहा। भारत सहित विभिन्न स्थानों से जुड़े सदस्यों एवं उनके परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर इस अवसर को विशेष बना दिया।

यहां यह बताना अवश्य है कि New Age Leadership Success (NALS) एक ऐसा जीवंत वैश्विक मंच है, जहाँ विभिन्न क्षेत्रों और पीढ़ियों से जुड़े लोग आपसी सीख, विचारों के आदान-प्रदान और सकारात्मक सहभागिता के लिए साथ आते हैं। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए NALS द्वारा समय-समय पर सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक और प्रेरणात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

कार्यक्रम में संस्थान के सदस्यों एवं उनके परिवारजनों ने देशभक्ति गीतों, कविताओं, विचारों, संस्मरणों और विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्र के प्रति अपने भाव व्यक्त किए। किसी ने स्वतंत्रता संग्राम की गाथा को स्मरण किया, तो किसी ने भारतीय सैनिकों के शौर्य और बलिदान को नमन किया। ‘आजादी’ पर प्रस्तुत विचारों ने स्वतंत्रता के अर्थ और उसके महत्व को व्यक्तिगत अनुभवों से जोड़ते हुए कार्यक्रम को भावनात्मक आयाम दिया।

कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियों के साथ ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन विशेष आकर्षण रहा। अलग-अलग स्थानों पर बैठे प्रतिभागियों का एक साथ राष्ट्रगान-सदृश भाव में जुड़ना इस ऑनलाइन आयोजन की खूबसूरत विशेषता रही। बच्चों और परिवार के सदस्यों की सहभागिता ने भी कार्यक्रम को एक आत्मीय पारिवारिक स्वरूप दिया।

प्रस्तुतियों में स्वतंत्रता के लिए किए गए संघर्ष, वीरों के त्याग, आजादी के बाद भारत की विकास यात्रा, विश्व पटल पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा तथा एक नागरिक के रूप में हमारी जिम्मेदारियों जैसे विषयों को भी स्पर्श किया गया। इस विविधता ने कार्यक्रम को केवल मनोरंजन तक सीमित न रखकर चिंतन और भावनात्मक जुड़ाव का अवसर बनाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए NALS के संस्थापक एवं मेंटर प्रो. एस. पी. गर्ग ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया और कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने अतीत के संघर्ष और वर्तमान की उपलब्धियों को याद करने के साथ-साथ भविष्य के भारत के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझने का अवसर देता है।

सुश्री नेहा शर्मा, सह-संस्थापक, तथा एन. के. शर्मा, लेखक एवं प्रेरणादायक वक्ता, ने मंच संचालन की जिम्मेदारी संभाली। दोनों ने सहज एवं प्रभावी संचालन से विभिन्न प्रस्तुतियों को खूबसूरती से जोड़े रखा और कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संचालित किया।

मीडिया समन्वयक प्रो विमल शर्मा ने बताया कि शाम 7 से 9 बजे तक ऑन लाइन आयोजित इस कार्यक्रम में कविता , गीत , संस्मरण सुनाने वालों में प्रमुख डॉ एस पी गर्ग एवं रमा गर्ग : शिकागो, विजय शर्मा : बंगलौर , प्रेम प्रकाश माथुर ; जयपुर, डॉ विमल शर्मा : उदयपुर , डॉ राशिद गौरी : सोजत सिटी, गणेश शर्मा: सीकर, नवल किशोर शर्मा: जयपुर, नेहा शर्मा: नवी मुंबई , तृप्ता वर्धन: हिमाचल, शशि लता गुप्ता: बंगलौर, अनिता गुप्ता : लखनऊ, मंजू चोपड़ा : पुणे, कामिनी अग्रवाल जी: मुंबई, सतीश सरड़ा : हैदराबाद, दिवाकर पाठक : बिहार , सीमा अग्रवाल : नागपुर कार्यक्रम का समापन देशप्रेम और एकता की भावना के साथ हुआ। प्रतिभागियों के लिए यह केवल स्वतंत्रता दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि दूर-दूर रहते हुए भी एक भारत, एक भावना और एक दिल से जुड़ने का अवसर था।

NALS की इस विशेष संध्या ने एक बार फिर यह अनुभव कराया कि तकनीक भौगोलिक दूरियाँ मिटा सकती है और जब उद्देश्य साझा हो, तो देशप्रेम की भावना हर दिल को एक साथ जोड़ सकती है।