हाल ही पारित हुए राज्य सरकार के बजट वर्ष 2026-27 की जिले से संबंधित बजट घोषणाओं को धरातल पर शीघ्र लाने हेतु जिला प्रशासन तत्परता से जुटा हुआ है। इसी क्रम में घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को जिला कलेक्टर नमित मेहता की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट के मिनी सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित बजट घोषणाओं की वर्तमान प्रगति का विस्तृत मंथन हुआ तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बजट घोषणाओं का क्रियान्वयन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
जिला कलेक्टर नमित मेहता ने कहा कि बजट घोषणाओं का धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक घोषणा पर गंभीरता से कार्य करते हुए तय समयसीमा में प्रगति सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से जुड़ी बजट घोषणाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। कलेक्टर ने विशेष रूप से उन बजट घोषणाओं पर फोकस किया जिनमें भूमि आवंटन की प्रक्रिया लंबित है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि आवंटन से जुड़ी सभी आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता से पूर्ण की जाए ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
बीसूका कार्यक्रम और फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा
बैठक में बीस सूत्रीय कार्यक्रम एवं राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की जिले में प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने इन योजनाओं में जिले की रैंकिंग में अपेक्षित सुधार लाने के लिए विभागवार रणनीति तैयार करने और नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने स्तर पर योजनाओं की सतत समीक्षा करें तथा फील्ड स्तर पर प्रगति का नियमित फीडबैक लें। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर दीपेंद्र सिंह राठौड़, जिला परिषद सीईओ रिया डाबी, जिला रसद अधिकारी, प्रशिक्षु आईएएस सृष्टि डबास सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।