GMCH STORIES

“इंस्पिरेशन से सेलिब्रेशन तक: सिनेप्स–2026 में ज़ाकिर और बादशाह लाइव”

( Read 1190 Times)

24 Feb 26
Share |
Print This Page

“इंस्पिरेशन से सेलिब्रेशन तक: सिनेप्स–2026 में ज़ाकिर और बादशाह लाइव”

उदयपुर: गीतांजली यूनिवर्सिटी, उदयपुर में 26 एवं 27 फरवरी 2026 को आयोजित होने जा रहा गीतांजली सिनेप्स–2026 (स्पोर्ट्स एंड कल्चरल फेस्ट) इस वर्ष और भी भव्य एवं आकर्षक रूप में प्रस्तुत होगा। राजस्थान की अग्रणी शैक्षणिक संस्थाओं में प्रतिष्ठित गीतांजली यूनिवर्सिटी का यह वार्षिक महोत्सव खेल, संस्कृति, कला और संगीत का जीवंत संगम बनेगा।

दो दिवसीय इस महोत्सव में मेडिकल, पैरामेडिकल, फार्मेसी, डेंटल, फिजियोथेरेपी एवं नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा विविध खेल प्रतियोगिताएँ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, रचनात्मक गतिविधियाँ एवं टीम-आधारित आयोजन किए जाएंगे। सिनेप्स–2026 प्रतिभा, उत्साह, प्रतिस्पर्धा और मनोरंजन का अद्वितीय मंच साबित होगा।

26 फरवरी — “इंस्पिरोग्रूव” विद ज़ाकिर खान

प्रथम दिन 26 फरवरी 2026 को प्रख्यात स्टैंड-अप कॉमेडियन, लेखक एवं शायर ज़ाकिर खान “इंस्पिरोग्रूव” कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। अपनी विशिष्ट शैली, सहज अभिव्यक्ति और प्रेरक विचारों के माध्यम से वे युवाओं को जीवन में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास की प्रेरणा देंगे।

27 फरवरी — बादशाह लाइव इन कॉन्सर्ट

दूसरे दिन 27 फरवरी 2026 को सुप्रसिद्ध बॉलीवुड रैपर एवं गायक बादशाह की बहुप्रतीक्षित लाइव कॉन्सर्ट नाइट आयोजित की जाएगी। अपने सुपरहिट गानों, ऊर्जावान रैप शैली और शानदार स्टेज परफॉर्मेंस के लिए प्रसिद्ध बादशाह का यह कार्यक्रम युवाओं के लिए रोमांच और मनोरंजन से भरपूर संध्या सिद्ध होगा।

गीतांजली ग्रुप के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्री अंकित अग्रवाल ने कहा कि सिनेप्स–2026 विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, टीम भावना विकसित करने और आत्मविश्वास बढ़ाने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह महोत्सव शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास को भी नई दिशा देगा।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like