बांसवाड़ा / गायत्री मण्डल द्वारा 24 अप्रेल, शुक्रवार को श्री पीताम्बरा आश्रम में बगलामुखी जयन्ती विभिन्न अनुष्ठानों के साथ मनाई जाएगी। इसके अन्तर्गत शुक्रवार को आश्रम परिसर में बगलामुखी साधना के विभिन्न अनुष्ठान होंगे।
इस दौरान् हरिद्रागणेश, स्वर्णाकर्षण भैरव, महामृत्युन्जय उपासना के उपरान्त बगलामुखी (पीताम्बरा) आराधना में विभिन्न स्तोत्रों, जप, यंत्रार्चन, सहस्रनामावलि से पीतार्चन, पीताम्बरा यज्ञार्चन, दीपदान सहित विभिन्न अनुष्ठान होंगे। शाम 7 बजे यज्ञ पूर्णाहुति के उपरान्त महाआरती एवं पुष्पान्जलि विधान निर्धारित है। इसके बाद पीताम्बरा साधना परम्परा के अनुरूप महाप्रसादम् होगा।
इसमें बगलामुखी साधना के जिज्ञासुओं को पीताम्बरा उपासना से संबंधित प्रारंभिक जानकारी दी जाएगी और जाने-माने बगलामुखी साधक, गायत्री मण्डल मे संस्थापक अध्यक्ष देवर्षि पं. महादेव शुक्ल द्वारा प्रकाशित पीताम्बरा साधना साहित्य प्रदान किया जाएगा।
शुक्रवार को होने वाले बगलामुखी जयन्ती समारोह की तैयारियों को लेकर आयोजन समिति की बैठक गायत्री मण्डल के मुख्य संरक्षक दिलीप गुप्ता की अध्यक्षता में बुधवार शाम आश्रम कार्यालय में हुई। इसमें विभिन्न तैयारियों की रूपरेखा को अंतिम रूप प्रदान किया गया।
बैठक में गायत्री मण्डल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोहर जोशी, सचिव विनोद शुक्ल, कोषाध्यक्ष अनन्त जोशी सहित अन्य पदाधिकारियों एवं आश्रम प्रबन्धन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
बैठक में बताया गया कि जयन्ती समारोह में श्री पीताम्बरा आश्रम की ओर से बगलामुखी उपासना से संबंधित वार्षिक प्रशिक्षण एवं संवाद कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर इस साधना से संबंधित भ्रान्तियों को दूर करने, प्रशिक्षण, बगलामुखी साधना सीखने के जिज्ञासुओं के लिए योग्य मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण सत्र संचालित करने तथा वर्ष भर विशेष अवसरों पर बगलामुखी साधना के आयोजनों पर भी वार्षिक रूपरेखा बनाई जाएगी।