GMCH STORIES

अनंत अंबानी ने कोलंबिया से 80 दरियाई घोड़ों की जान बचाने की अपील की; 'वनतारा' में आजीवन घर देने का रखा प्रस्ताव

( Read 1357 Times)

28 Apr 26
Share |
Print This Page

अनंत अंबानी ने कोलंबिया से 80 दरियाई घोड़ों की जान बचाने की अपील की; 'वनतारा' में आजीवन घर देने का रखा प्रस्ताव

वनतारा के संस्थापक अनंत अंबानी ने कोलंबिया सरकार को औपचारिक संदेश भेजा है

कोलंबिया की एक नदी के किनारे रहनेवाले दरियाई घोड़ों की संख्या 200 से ज़्यादा हो जाने से अन्य जीवों को ख़तरा हो गया है

याचिका में इन 80 जानवरों को सुरक्षित रूप से पकड़ने, स्थानांतरित करने और उनके आजीवन देखभाल के लिए सहायता देने की पेशकश की गई है


जामनगर (गुजरात): दक्षिणी अमेरिका के देश कोलंबिया की मैग्डालियाना नदी घाटी में रहने वाले 80 दरियाई घोड़ों को मारने का आदेश दिया गया है। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक और दुनिया के सबसे बड़े वन्यजीव बचाव एवं संरक्षण केंद्रों में से एक, वनतारा के संस्थापक अनंत मुकेश अंबानी ने औपचारिक रूप से कोलंबिया सरकार से इन हिप्पो या दरियाई घोड़ों की जान बख़्शने का आग्रह किया है। उन्होंने एक मानवीय विकल्प का प्रस्ताव दिया है: एक सुरक्षित और वैज्ञानिक तरीके से इन जानवरों को जामनगर, गुजरात स्थित 'वनतारा' में लाया जाए, जहाँ उन्हें स्थायी घर मिल सकेगा।

कोलंबिया की पर्यावरण मंत्री, आइरीन वेलेज़ टोरेस को लिखे पत्र में अनंत अंबानी ने ये अपील की है। इसमें कोलंबियाई अधिकारियों की देखरेख और मंजूरी के साथ पूरी सहायता देने की बात कही गई है। यह प्रस्ताव पशु कल्याण के प्रति अनंत अंबानी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके लिए उन्हें हाल ही में 'ग्लोबल ह्यूमेन अवार्ड' से सम्मानित किया गया था। वह यह प्रतिष्ठित सम्मान पाने वाले सबसे कम उम्र के व्यक्ति और पहले एशियाई हैं।

अनंत अंबानी ने कहा, " ये 80 दरियाई घोड़े संवेदनशील प्राणी हैं जो बदलती परिस्थितियों का शिकार हैं। यदि हमारे पास उन्हें सुरक्षित और मानवीय तरीके से बचाने की क्षमता है, तो यह हमारी ज़िम्मेदारी है कि हम उसके लिए हर संभव प्रयास करें।" वनतारा ने कोलंबियाई अधिकारियों को एक विस्तृत योजना सौंपी है, जिसमें पशु-चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम, सुरक्षित लाने की व्यवस्था, बायो-सिक्योरिटी प्रोटोकॉल और उनके प्राकृतिक वातावरण जैसा आवास प्रदान करना शामिल है।

अनंत अंबानी ने आगे कहा, "करुणा और जानवरों की जान की सुरक्षा एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। सही वैज्ञानिक सोच और योजनाबद्ध तरीके के साथ काम करें तो समुदायों और प्रकृति की रक्षा करते हुए जानवरों को भी बचाना संभव है। वनतारा के पास इस कार्य को पूरा करने के लिए विशेषज्ञता और बुनियादी ढांचा मौजूद है।"

वनतारा ने औपचारिक रूप से अनुरोध किया है कि जब तक इस विकल्प पर पूरी तरह विचार नहीं हो जाता, तब तक जानवरों को मारने के फैसले को टाल दिया जाए। साथ ही, वनतारा ने कहा है कि वे कोलंबिया के अधिकारियों के साथ सीधे जुड़कर एक विस्तृत वैज्ञानिक, परिचालन और कल्याणकारी प्रस्ताव पेश करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

यह प्रस्ताव वनतारा के मूल विचार को दर्शाता है कि 'हर जीव अमूल्य है'। यह वन्यजीवों से जुड़ी जटिल वैश्विक चुनौतियों के लिए बड़े पैमाने पर विज्ञान-आधारित समाधान देने में भारत की उभरती भूमिका को भी रेखांकित करता है। इस योजना पर कोई भी अमल कोलंबिया और भारत की सरकारों से आवश्यक मंज़ूरी और संबंधित अंतरराष्ट्रीय अधिकारियों से अनुमति मिलने के बाद ही किया जाएगा।

 

Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like