GMCH STORIES

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केन्द्रीय मंत्री जे पी नड्डा ने अपने जयपुर दौरे में दिए कई संकेत 

( Read 1677 Times)

02 Jun 25
Share |
Print This Page

गोपेन्द्र नाथ भट्ट

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केन्द्रीय मंत्री जे पी नड्डा ने अपने जयपुर दौरे में दिए कई संकेत 

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केन्द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जे पी नड्डा ने अपने जयपुर दौरे में कई संकेत दिए है।  अपनी गुलाबी नगरी की यात्रा में जे पी नड्डा कई कार्यक्रमों में शामिल हुए। मुख्यमंत्री निवास पर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने राजस्थानी परम्परा से उनका भावभीना अभिनंदन किया। जे पी नड्डा ने जयपुर  हवाई अड्डे के पास एक जनसभा को  संबोधित किया । साथ ही वे जयपुर में ऑपरेशन सिंदूर की अद्वितीय सफलता पर निकाली गई तिरंगा यात्रा में भी शामिल हुए। 

 

विभिन्न समारोह में उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में और विचारधारा के सिपाही के रूप में भजनलाल  अपनी टीम के साथ पूरी ताकत से राजस्थान की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर राजस्थान सरकार द्वारा शुरू की गई 'गर्भ की पाठशाला' योजना की सराहना की। तिरंगा यात्रा में उन्होंने कहा कि राजस्थान सहित संपूर्ण राष्ट्र को हमारी सशस्त्र सेनाओं पर अपार गर्व है,जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्यवाही कर भारत माता की रक्षा में स्वर्णिम अध्याय जोड़ा है।

 

नड्डा ने शनिवार को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में अहिल्या बाई होल्कर जयंती पर आयोजित समारोह में बताया कि मोदी सरकार ने  नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत लोकसभा एवं विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया है।उन्होंने राजस्थान सरकार की लाडो प्रोत्साहन योजना को लिंगानुपात सुधार एवं गर्भ की पाठशाला योजना को महिला स्वास्थ्य की दिशा में अच्छी पहल बताया।

 

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश की तस्वीर बदली है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व ने राजनीति की संस्कृति को बदलने का काम किया है। अब दोषारोपण के बजाए समाज के हर वर्ग का सशक्तीकरण किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने जबावदेहिता और उत्तरदायित्व को राजनीति की परिभाषा बनाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल  के कुशल नेतृत्व में राजस्थान सरकार दिन-रात जनसेवा में जुटी हुई है। 

 

अपने मंत्रालय  की योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार ने प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन के अन्तर्गत 64 हजार करोड़ रूपये का प्रावधान किया गया है। इसके तहत राजस्थान में 3 हजार करोड़ रूपये खर्च किए जाएंगे। आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत देश के 63 करोड़ लोगों को 5 लाख रूपये तक का स्वास्थ्य बीमा दिया जा रहा है। देश में 23 एम्स संस्थान संचालित किए जा रहे है। राजस्थान में भी 23 नए मेडिकल कॉलेज खोले गए है। 

 

समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में हमारी सरकार प्रदेश में गरीब, महिला, युवा, किसान सहित समाज के हर वर्ग के कल्याण का काम कर रही है। हमने प्रदेश के 5 हजार गांवों को गरीबी मुक्त बनाने का संकल्प लिया है। लखपति दीदी योजना में 14 लाख से ज्यादा महिलाओं को प्रशिक्षण प्रदान कर 7 लाख 80 हजार लखपति दीदी बनाया गया है। लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत 2 लाख 30 हजार बालिकाओं के जन्म पर डेढ़ लाख रुपये का सेविंग बॉण्ड उपलब्ध कराया जा रहा है।

 

इस अवसर पर भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, राजस्थान भाजपा के प्रभारी डॉ राधा मोहन दास,भाजपा 

के प्रदेश अध्यक्ष सांसद मदन राठौड़, ,केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, राज्य के दोनों उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डॉ. प्रेमचंद बैरवा, चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर, स्कूल शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, प्रदेश के पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सांसद सी पी जोशी, पूर्व अध्यक्ष अशोक परनामी,पूर्व मंत्री राजेन्द्र राठौड़ एवं प्रदेश के सांसद और विधायक गण सहित अन्य विभिन्न जन प्रतिनिधि,प्रदेश के मुख्य सचिव सुधांश पंत और अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या आमजन भी मौजूद रहे।

 

इससे पूर्व भाजपाध्यक्ष नड्डा ने जयपुर के मालवीय राष्ट्रीय प्रोद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी) परिसर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ स्वामी विवेकानंद जी की मूर्ति पर माल्यार्पण भी किया और पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like