उदयपुर। उदयपुर चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री द्वारा प्रातः 11.00 बजे यूसीसीआई भवन के पायरोटेक टेम्पसेन्स सभागार में “कैरियर गाईडेन्स एवं मोटीवेशनल सेमिनार“ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए विशिष्ट अतिथियों जिनमें एसोसिएटेड सोपस्टोन डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी प्राईवेट लिमिटेड के महाप्रबंधक (एचआर) श्री पवन शर्मा तथा आरएसडब्ल्यूएम लिमिटेड के वरिष्ठ प्रबंधक (पीएम एवं आईआर) श्री इन्द्रमणि प्रसाद की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के आरंभ में अध्यक्ष श्री मनीष गलूण्डिया ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि यूसीसीआई द्वारा युवाओं को स्किल ट्रेनिंग के माध्यम से रोजगार मुहैया करवाया जा रहा है।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए टीयूवी राइनलैंड के श्री लोकेन्द्र पंड्या ने बताया कि इस कौशल केंद्र में अक्टूबर 2025 से अप्रैल 2026 तक लगभग 180 युवाओं को निशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है।
टीयूवी राइनलैंड के श्री लोकेन्द्र पंड्या ने कार्यक्रम की विषयवस्तु एवं रूपरेखा प्रस्तुत की। विशेष रूप से सोलर पीवी इंस्टॉलर ट्रेड में युवाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें रोजगार से जोड़ा जा रहा है। प्रशिक्षण के साथ-साथ युवाओं को सॉफ्ट स्किल्स, कंप्यूटर स्किल्स, कम्युनिकेशन स्किल्स और टाइम मैनेजमेंट जैसी महत्वपूर्ण दक्षताओं का भी निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अब तक लगभग 170 युवाओं को रोजगार प्राप्त हो चुका है, जिनकी मासिक आय ₹15,000 से ₹25,000 के बीच है। यह प्रशिक्षण 45 दिनों की अवधि का होता है, जिसके पश्चात प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाता है।
श्री लोकेन्द्र पंड्या ने वीटीसी द्वारा प्रस्तावित भविष्य के प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों एवं योजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आगामी माह में सोलर प्रशिक्षण के साथ-साथ दो नए कोर्स यथा वेयरहाउस एग्जीक्यूटिव (लाॅजिस्टिक्स सेक्टर) एवं क्रेडिट प्रोसेसिंग ऑफिसर (बैंकिंग सेक्टर) भी प्रारंभ किए जाएंगे। इन सभी कोर्स की अवधि 45 दिन होगी और 10वीं, 12वीं, आईटीआई एवं स्नातक युवा इसमें निशुल्क प्रवेश ले सकते हैं।
डाॅ. अशोक जेतावत ने युवाओं को अपना कैरियर चुनने में सावधानी बरतने एवं जीवन में प्रगति हेतु अनुशासन की पालना करने के सम्बन्ध में मोटीवेशनल स्पीच दी। उन्होंने युवाओं को अपने कौशल को निरंतर निखारने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र (वीटीसी) के सफल विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए सफलता की प्रेरक कहानियाँ प्रस्तुत कीं। ऐसे युवाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए जिन्हें प्रशिक्षण के बाद रोजगार प्राप्त हुआ, जिससे अन्य युवाओं को प्रेरणा मिली।
यूसीसीआई के संरक्षक श्री बी.एच. बापना एवं वीटीसी चेयरमैन श्री हंसराज चैधरी एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री सन्दीप बापना ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी विशिष्ट अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को करियर निर्माण एवं कौशल विकास के प्रति प्रेरित किया।
अंत में, “सोलर पीवी इंस्टॉलर” पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले वीटीसी के विद्यार्थियों को यूसीसीआई, टीयूवी एवं गणमान्य अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र वितरित किए गए। सभी अतिथियों एवं चेंबर के पदाधिकारी द्वारा प्रमाण पत्र सभी प्रशिक्षणार्थियों को सर्टिफिकेट वितरण किए गए। आज आयोजित कार्यक्रम में करीब 80 प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम का समापन टीयूवी राइनलैंड के श्री लोकेन्द्र पंड्या द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।