जैसलमेर। राजस्थान दिवस सप्ताह के तहत शनिवार को जिला मुख्यालय पर मंगलसिंह पार्क में जिला स्तरीय श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी, जिला कलक्टर प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया एवं आमजन से अपने घर, मोहल्ले और शहर को स्वच्छ रखने की अपील की।
इस अवसर पर आयोजित स्वच्छता अभियान के दौरान पार्क परिसर में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के तहत प्लास्टिक कचरा, झाड़ियां एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री हटाकर परिसर को स्वच्छ बनाया गया। जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं अधिकारियों ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, नगर परिषद के कार्मिकों, समाजसेवी, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। जिला कलक्टर ने सभी को स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने एवं अपने आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने की शपथ दिलाई।
जिला कलक्टर प्रताप सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र सिंह, अधीक्षण अभियंता विद्युत भैरा राम, खेल अधिकारी राकेश विश्नोई, महिला अधिकारिता उपनिदेशक अशोक गोयल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने आमजन से आह्वान किया कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक जीवन शैली का हिस्सा बनाएं और स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ जैसलमेर के निर्माण में सक्रिय योगदान दें।