जैसलमेर। विश्व पृथ्वी दिवस 2026 के अवसर पर “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” थीम के तहत पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार सुबह प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। गड़ीसर चौराहे से प्रारंभ हुई यह जागरूकता रैली हनुमान सर्किल स्थित गांधी दर्शन तक पहुंचकर सम्पन्न हुई।
प्रभात फेरी को नगर परिषद आयुक्त लजपाल सिंह सोढ़ा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उप निदेशक महिला अधिकारिता अशोक गोयल, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान, खेल अधिकारी राकेश विश्नोई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए आमजन को पर्यावरण संरक्षण, जल बचत, स्वच्छता एवं हरित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने नारों और संदेशों के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का संकल्प दोहराया, जिससे पूरे मार्ग में सकारात्मक ऊर्जा एवं जागरूकता का वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, वन विभाग के कार्मिकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं सहित स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सामूहिक सहभागिता ने यह स्पष्ट किया कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का विषय नहीं, बल्कि हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।
यह आयोजन न केवल पर्यावरण के प्रति सजगता का संदेश देता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और सुरक्षित भविष्य के निर्माण का संकल्प भी मजबूत करता है।