जैसलमेर। पर्यावरण समिति की अध्यक्ष एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल के निर्देशन तथा सदस्य सचिव उप वन संरक्षक के मार्गदर्शन में वन विभाग, शिक्षा विभाग एवं नगर परिषद के संयुक्त तत्वावधान में जिले भर में विश्व पृथ्वी दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस वर्ष की थीम “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” के अनुरूप विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन कर आमजन एवं विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों में निबंध, चित्रकला, भाषण, स्वच्छता अभियान एवं “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से पृथ्वी को प्रदूषण से बचाने, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने एवं जन-जागरूकता बढ़ाने का संदेश प्रभावी रूप से दिया गया।
पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य में वन विभाग, नगर परिषद एवं विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों की सहभागिता से मोनटेसरी बाल निकेतन विद्यालय से हनुमान सर्किल तक आकर्षक प्रभात फेरी निकाली गई। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नारों के माध्यम से जनमानस को जागरूक किया गया।
इसी क्रम में मोनटेसरी बाल निकेतन विद्यालय में वन विभाग द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें चित्रकला, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित कर विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को आयुक्त, नगर परिषद जैसलमेर द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सहायक वन संरक्षक दिलीप सिंह राठौड़ ने बताया कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन, वनों की कटाई एवं बढ़ता प्रदूषण पृथ्वी के अस्तित्व के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। उन्होंने प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने एवं अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया।
उप वन संरक्षक कुमार शुभम ने बताया कि “पृथ्वी हमारा एकमात्र घर है और इसका संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने सभी से पर्यावरण के प्रति सजग रहने एवं अधिकाधिक पेड़ लगाकर पृथ्वी के सौंदर्य एवं संतुलन को बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का समापन “पृथ्वी का संरक्षण, भविष्य का संरक्षण” के संकल्प के साथ किया गया, जिसमें सभी उपस्थितजनों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।