GMCH STORIES

मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने केलावा में विकास कार्यों का किया निरीक्षण

( Read 429 Times)

22 Apr 26
Share |
Print This Page
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने केलावा में विकास कार्यों का किया निरीक्षण

     जैसलमेर। मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद रश्मि रानी ने बुधवार को ग्राम पंचायत केलावा का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया एवं रात्रि चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

      निरीक्षण के दौरान उन्होंने महात्मा गांधी नरेगा योजना के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय केलावा, ग्राम बिलिया तथा पंचायत कार्यालय परिसर में किए गए पौधारोपण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने पौधों की सुरक्षा एवं समुचित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए एवं आगामी हरियालो राजस्थान वृक्षारोपण महाअभियान के तहत समयबद्ध पूर्व तैयारियां सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

      मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने ग्राम बिलिया स्थित राजकीय विद्यालय में चारदीवारी निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सहायक अभियंता आशुतोष सिंह एवं विकास अधिकारी, पंचायत समिति सांकड़ा को निर्देशित किया कि जो कार्य भौतिक रूप से पूर्ण हो चुके हैं, उन्हें शीघ्रता से ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया जाए।

      इसके अतिरिक्त उन्होंने वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में स्वीकृत प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवास निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं एवं तकनीकी अड़चनों का त्वरित समाधान कर लाभार्थियों को बकाया किश्तों का समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

      इस दौरान ग्राम पंचायत केलावा में आयोजित रात्रि चौपाल में मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने विभागीय अधिकारियों के साथ ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया। ग्रामीणों ने मुख्य रूप से बिजली एवं पेयजल संबंधी समस्याएं सामने रखीं, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।

     उन्होंने ग्रामीणों को मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान की जानकारी देते हुए उसमें सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया एवं गांव के समग्र विकास के लिए जनसहयोग को आवश्यक बताया।

      मुख्य कार्यकारी अधिकारी का यह दौरा प्रशासन की जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता एवं विकास कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग का प्रतीक रहा।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like