GMCH STORIES

बेटियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा हेतु आगे आएं अभिभावक - जिला कलक्टर

( Read 567 Times)

23 Apr 26
Share |
Print This Page
बेटियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा हेतु आगे आएं अभिभावक - जिला कलक्टर

             जैसलमेर। जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने जिले के समस्त अभिभावकों से अपनी 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बेटियों को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन अवश्य लगवाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह टीकाकरण बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर) जैसी गंभीर एवं जानलेवा बीमारी से सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

          जिला कलक्टर ने जानकारी दी कि भारत सरकार के निर्देशानुसार यह वैक्सीन निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे अधिक से अधिक बालिकाएं इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे इस अवसर का पूरा लाभ लें और अपनी बेटियों के उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य के लिए उन्हें समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं।

         उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में से एक है, जिसे एचपीवी वैक्सीन के माध्यम से काफी हद तक रोका जा सकता है। समय पर लगाया गया यह टीका बालिकाओं को दीर्घकालीन सुरक्षा प्रदान करता है।

        जिला प्रशासन एवं चिकित्सा विभाग द्वारा इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिला अस्पताल एवं स्वास्थ्य केन्द्रों पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे अभिभावकों को जागरूक करें और टीकाकरण प्रक्रिया को सुचारू एवं प्रभावी बनाएं।

           जिला कलक्टर ने आमजन से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें एवं वैज्ञानिक तथ्यों पर विश्वास करते हुए इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि यह पहल बेटियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के साथ-साथ समाज के स्वस्थ भविष्य की आधारशिला है।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like