GMCH STORIES

ग्राम रथ अभियान का जिला स्तर पर भव्य शुभारंभ

( Read 664 Times)

28 Apr 26
Share |
Print This Page
ग्राम रथ अभियान का जिला स्तर पर भव्य शुभारंभ

जिला कलक्टर ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, योजनाओं की जानकारी लेकर निकला ग्राम रथ

           जैसलमेर। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिले में ‘ग्राम रथ अभियान’ का मंगलवार को जिला स्तर पर शुभारंभ किया गया। जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने जिला कलेक्ट्रेट परिसर से ग्राम रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

          इस अवसर पर जिला कलक्टर ने कहा कि अभियान का उद्देश्य कृषकों, पशुपालकों एवं ग्रामीण आमजन को सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी प्रभावी, सरल एवं आकर्षक माध्यम से उपलब्ध कराना है। ग्राम रथ के माध्यम से योजनाओं का दृश्यात्मक प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ेगी एवं अधिकाधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे।

        उन्होंने बताया कि यह अभियान आगामी 15 दिनों तक सतत रूप से संचालित किया जाएगा। पूर्व निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार ग्राम रथ जिले की विभिन्न विधानसभाओं के अंतर्गत ग्राम पंचायतों एवं दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचेगी और योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदर्शित करेगी।

       अभियान के तहत प्रतिदिन 4 से 5 ग्राम पंचायतों में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, इस दौरान लोक कलाकारों द्वारा कला जत्थों के माध्यम से संध्या चौपाल कार्यक्रमों का आयोजन कर आमजन को मनोरंजन के साथ-साथ योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।

         जिला कलक्टर ने बताया कि ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक ग्राम रथ पर सुझाव पेटिका भी रखी जाएगी, ताकि आमजन अपने सुझाव दे सकें एवं योजनाओं के क्रियान्वयन में और अधिक सुधार लाया जा सके।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like