GMCH STORIES

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ : श्री शेखावत

( Read 417 Times)

10 May 26
Share |
Print This Page
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ : श्री शेखावत

     जैसलमेर। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि गांवों के विकास, किसानों के कल्याण और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से राजस्थान सरकार ने ग्राम रथ यात्रा शुरू की है।

      श्री शेखावत रविवार को जैसलमेर जिले के फलसूंड में आयोजित ग्राम रथ यात्रा कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि योजनाओं की जानकारी सीधे गांवों तक पहुंचे और पंचायतों से जुड़ी समस्याएं प्रभावी ढंग से सरकार तक पहुंचें।

      उन्होंने बताया कि कृषि क्षेत्र में अब केवल उत्पादन ही नहीं, बल्कि प्रसंस्करण, तकनीक और मूल्य संवर्धन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। इससे किसानों की आय बढ़ाने के नए अवसर पैदा होंगे। इसी दिशा में आगामी दो माह में ग्लोबल राजस्थान एग्रीकल्चर मीट आयोजित की जाएगी, जिसमें कृषि को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने पर चर्चा होगी।

      केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में लगभग 35 लाख करोड़ रुपए के निवेश समझौते हुए, जिनमें से कई परियोजनाएं अब धरातल पर उतर रही हैं। इसी तरह कृषि क्षेत्र में भी बड़े स्तर पर निवेश और नवाचार की संभावनाएं विकसित की जा रही हैं।

 

       श्री शेखावत ने कहा कि लंबे समय बाद उन्हें फलसूंड क्षेत्र में आकर ग्रामीणों से सामूहिक रूप से संवाद करने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि पिछली रात देर तक जनचौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं, संबंधित दस्तावेज एकत्र किए गए और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

         उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के अधिकारियों को क्षेत्र की जमीनी वास्तविकताओं से अवगत कराया गया है, ताकि समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like