कोटा। नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने शुक्रवार को किशोरपुरा स्थित कायन हाउस का औचक निरीक्षण कर वहां रखे गौवंश के लिए व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार शीघ्र करने के निर्देश दिए।
आयुक्त मेहरा अधीक्षण अभियंता महेश चंद्र गोयल एवं गौशाला प्रभारी महावीर सिंह सिसोदिया के साथ कायन हाउस पहुंचे। यहां उन्होंने पकड़कर लाए गए गौवंश के ठहराव, उनके लिए उपलब्ध भूसा, हरा चारा एवं चापड़ की गुणवत्ता, साफ-सफाई तथा गौवंश को धर्मपुरा स्थित गौशाला भेजने की प्रक्रिया का निरीक्षण किया।
गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए आयुक्त ने कायन हाउस में नए टीन शेड लगाने, गौवंश के चलने-फिरने के स्थान पर बने गड्ढों को तुरंत भरवाने तथा छाया और पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भीषण गर्मी में गौवंश को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और उनके संरक्षण में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अलावा, आयुक्त ने निर्देश दिए कि यदि कोई गौवंश बीमार अवस्था में लाया जाता है तो उसके लिए मौके पर ही प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि समय पर इलाज मिल सके।
निरीक्षण के दौरान पूर्व पार्षद एवं गौशाला समिति के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने भी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के सुझाव दिए।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाओं में सुधार कर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, जिससे गौवंश को सुरक्षित और बेहतर वातावरण मिल सके।